दिल्ली-चंडीगढ़ रेलमार्ग पर वीरवार रात करीबन 10 बजे दीवाना और समालखा रेलवे स्टेशन के बीच फाटक न. 47 पर एक अज्ञात कार सवार टक्कर मारते हुए रेलवे ट्रैक से आ रहे रेलवे इंजन से जा टकराया। इसे दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कार चालक मौके से कार छोड़कर फरार हो गया। वहीं आरपीएफ ने सूचना मिलते ही मौके का जायजा लिया और अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। इस दुर्घटना से रेल यातायात करीबन सात घंटे तक प्रभावित रहा। सुबह करीब पांच बजे क्रेन से कार को इंजन से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात पुन चालू हो पाया। इससे दिल्ली-चंडीगढ़ रेेलमार्ग पर जाने वाली सभी गाड़ियां प्रभावति रही। इनमें ऊंचाहर एक्सप्रेक्स, संपर्क क्रांति, कालका एक्सप्रेक्स, दिल्ली-पानीपत ईएमयू समेत कई अन्य गाड़ियां प्रभावित रही।
आरपीएफ एएसआई मनोज कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि दीवान स्टेशन के पास फाटक नंबर 47 सी का किसी वाहन ने गेट तोड़ दिया है, इसके बाद वाहन ट्रेन से भी टकराया है। सूचना मिलने पर आरपीएफ टीम मौके पर पंहुची। वहां इंजन और कार को क्रेन की सहायता से अलग करवाया गया। इसी बीच पानीपत से अन्य उच्चाधिकारी और टीआई भी मौके पर पंहुचे। कार को लाइन से बाहर निकालकर आरपीएफ थाने में लाया गया। इसी बीच रेलवे ट्रैक बाधित रहा और सुबह के पांच बजे तक क्लीयर हो पाया। वहीं आरपीएफ ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर चालक की खोजबीन शुरू कर दी है।
जबरदस्त टक्कर में बाल-बाल बचा चालक
मौका देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि रेल-कार दुर्घटना का कारण कार चालक की लापरवाही थी। वहीं कार की स्पीड भी काफी ज्यादा थी, कार ने रेलवे फाटक तक को तोड़ दिया ओर ट्रैक पर जा रहे इंजन से टकरा गई। वहीं इस दुर्घटना में कार चालक बच गया है। उसने कार मौके पर छोड़ी और फरार हो गया। वहीं इंजन चालक ने भी इंजन को वहीं रोक कर इसकी सूचना आरपीएफ को दी।
कार ने तोड़ी फाटक फिर इंजन से टकराया-
आरपीएफ को रात सूचना मिली थी कि दीवाना और समालखा के पास एक कार ने रेलवे फाटक को तोड़ते हुए सीधे रेल इंजन को टक्कर मार दी है। सूचना पर टीम को तुंरत भेजा गया। इसके बाद क्रेन मंगवाकर कार को हटवाया गया है। वहीं फरार कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
राजेंद्र हुड्डा, एसएचओ, आरपीएफ।