पानीपत। शहर की आबादी के करीब 70 प्रतिशत एरिया का राजस्व विभाग के पास सिजरा ही नहीं है। इसमें खास तौर पर पत्ती तरफ इंसार और राजपूतान एरिया हैं। इससे सालों से शहरवासी एक से बढ़कर एक परेशानी को झेलते आ रहे हैं। किसी की मलकियत की निशानदेही नहीं होती तो किसी का इंतकाल दर्ज होने के बाद खारिज हो जाता है। अब केंद्र सरकार राज्य सरकार के सहयोग से पूरे शहर का सर्वे करवाएगी। पुराने रिकॉर्ड से जमीनों की मलकियत निकाली जाएगी। इसके बाद इनका नए सिरे से सिजरा बन सकेगा।
बता दें कि पिछले दिनों जनप्रतिनिधियों की सीएम के साथ हुई बैठक में इस मुद्दे को भाजपा महामंत्री एवं पार्षद रविंद्र भाटिया ने रखा था। जिस पर सीए मनोहर लाल ने राजस्व विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव से शहर के लोगों इस परेशानी को साझा किया। अधिकारी ने बताया कि केंद्र सरकार इस पर सर्व करने जा रही है। जिसके बाद शहरवासियों को नया सिजरा मिल जाएगा। पार्षद बताते हैं कि अब वे इस मुद्दे को सदन की बैठक में रखकर सरकार को भेजेंंगे। ताकि इस विषय पर जल्द संज्ञान लाया जा सके।
शहर का सबसे बड़ा एरिया आता है तरफ इंसार में
राजस्व विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार शहर की आबादी कई पत्तियों में बंटी है। इनमें तरफ इंसार, तरफ राजपूतान, तरफ मकदूम, गद्दीवाड़ा, खेड़ी नांगल, पत्ती अफगान और पत्ती बागशेर अफगान शामिल हैं। जिसमें शहर का सबसे बड़ा एरिया जोकि करीब तकरीबन 45 प्रतिशत है वह तरफ इंसार पत्ती में आता है। इसके बाद करीब 25 प्रतिशत एरिया तरफ राजपूतान में आता है। इन दोनों ही पत्तियों के तहसील या राजस्व विभाग के पास सिजरे नहीं है। ऐसा ही ताजातरीन मामला सेक्टर 6 में करोड़ों रुपये के एचएसवीपी के प्लाटों के फर्जीवाड़े में भी सामने आया था। जब विभाग की ओर से एचएसवीपी को कहा गया कि उनके पास उक्त जमीन का सीजरा नहीं है। जिससे जमीन की निशानदेही नहीं हो सकी। इनमें सबसे छोटी पत्ती यानी एरिया बागशेर अफगान है।
ये एरिया हैं इन पत्तियों में शामिल
तरफ इंसार में तहसील कैंप, कच्चा कैंप, शांति नगर, ज्योति कॉलोनी, वधवाराम कॉलोनी, इंसार बाजार, सुखदेव नगर, बिश्नस्वरूप कॉलोनी, पूरेवाल कॉलोनी आदि के साथ बस स्टैंड, सचिवालय, रेस्ट हाउस के आसपास के स्कूल कॉलेज का एरिया भी शामिल है। दूसरी ओर पत्ती राजपूतान में महावीर कॉलोनी, शुगर मिल के पास का एरिया, मुखीजा कॉलोनी, आठ मरला के पास का एरिया, रामनगर, राधेविहार, गोहना रोड, विराट नगर, सावन पार्क, सनौली रोड, गंगापुरी रोड तक का एरिया शामिल है।
सीएम से मिले, अब सदन में रखेंगे मुद्दा : भाटिया
शहर की सबसे ज्यादा आबादी वाले एरिया का सिजरा न होने से जमीन की निशानदेही और इंतकाल में समस्या आती है। इसे लेकर सीएम से मिले थे। सीएम ने राजस्व विभाग के अधिकारी से चर्चा कर आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार की ओर से इसका सर्वे कराया जाएगा। जो तीन माह में पूरा होगा। अब सदन की बैठक में मुद्दा रखेंगे। जिसमें प्रस्ताव पास कर इस सर्वे को जल्द पूरा करने की सरकार से डिमांड की जाएगी।
- रविंद्र भाटिया, पार्षद, वार्ड दस
वर्जन:
तहसील में इन दोनों पत्तियों का सिजरा नहीं है। अभी तक तहसील में इस प्रकार का सरकार की ओर से भेजा गया कोई नोटिफिकेशन नहीं मिला है।
- वीरेंद्र कुमार गिल, तहसीलदार, पानीपत।