पानीपत। जिले के कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए वीरवार को पहली वरीयता सूची जारी होने के बाद शुक्रवार को विद्यार्थियों में फीस जमा करवाने की होड़ लगी रही। काफी संख्या में युवा कॉलेजों में फीस जमा करवाने पहुंचे। हालांकि सुबह के समय पोर्टल ने बाधा डाली जिससे विद्यार्थियों को दाखिले के लिए इंतजार करना पड़ा। पोर्टल चालू होने के बाद दाखिला प्रक्रिया शुरू हुई। जिले के विभिन्न कॉलेजों में पहले दिन करीब 1100 विद्यार्थियों ने फीस जमा कर दाखिला करवाया।
शहर के तीनों प्रमुख एडेड कॉलेजों में 15-15 फीस काउंटर बनाए गए हैं ताकि युवाओं को फीस जमा करवाने में कोई असुविधा न हो। वहीं, देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय समेत अन्य कॉलेजों में युवाओं की सुविधा के लिए फीस काउंटर बनाए गए हैं। वहीं, दाखिला प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों में उत्साह बना हुआ है। अभ्यर्थी पहले चरण में 30 जून तक फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित कर सकेंगे। जारी शेड्यूल के अनुसार 03 जुलाई को दूसरी वरियता सूची जारी होगी।
14 कॉलेजों में 11260 सीटों पर होगा दाखिला
जिले के 14 कॉलेजों में 11260 सीटों पर दाखिला होना है जबकि 17 हजार से अधिक आवेदन हुए हैं। इनमें शहर के तीन प्रमुख कॉलेजों में ही 11 हजार से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, जिले में इस बार करीब 15500 विद्यार्थियों ने 12वीं कक्षा की परीक्षा पास की है। इसमें हरियाणा बोर्ड के 10175 विद्यार्थी तथा सीबीएसई के 5450 विद्यार्थी शामिल हैं। अधिकतर विद्यार्थियों ने एक से अधिक कॉलेजों में आवेदन किया है। कुछ विद्यार्थियों ने आईटीआई समेत दूसरे संस्थानों में आवेदन किए हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के कॉलेजों में निर्धारित सीटों से कम आवेदन हुए हैं। ऐसे में कॉलेजों में कुछ सीटें रिक्त रहने की संभावना है।
कॉलेज अनुसार पाठ्यक्रम व सीटों का विवरण-
कॉलेज पाठ्यक्रम सीटें
आर्य कॉलेज 13 2540
एसडी कॉलेज 09 1950
आईबी कॉलेज 08 1540
आर्य आदर्श गर्ल्स कॉलेज 06 920
चौ. देवीलाल गर्ल्स कॉलेज 02 240
देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय 08 720
राजकीय कन्या महाविद्यालय मतलौडा 04 560
राजकीय महाविद्यालय इसराना 03 400
राजकीय महाविद्यालय बापौली 03 360
गांधी आदर्श कॉलेज समालखा 02 400
वैश्य गर्ल्स कॉलेज समालखा 02 440
पाइट कॉलेज समालखा 05 300
गीता डिग्री कॉलेज शेरा 05 470
गुरु ब्रह्मानंद गर्ल्स कॉलेज कुराना 04 420
कुल सीटें - 11260
वर्जन-
पहली वरीयता सूची जारी होने के बाद स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए फीस जमा करवाने की प्रक्रिया शुुरू हो चुुकी है। पहले दिन करीब 220 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। पहली वरियता सूची में शामिल अभ्यर्थी समय रहते फीस जमा करवाकर अपना दाखिला सुनिश्चित कर लें। 03 जुलाई को दूसरी वरियता सूची जारी होगी।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, प्राचार्य, आर्य पीजी महाविद्यालय।
- मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद कॉलेज में फीस जमा करवा विद्यार्थियों के दाखिले शुरू कर दिए गए हैं। विद्यार्थियों की सहायता के लिए 15 फीस काउंटर बनाए गए हैं। विद्यार्थी दाखिले के लिए काफी रूझान दिखा रहे हैं। पहले दिन करीब 200 विद्यार्थियों के दाखिले किए गए हैं।
- डॉ. अनुपम अरोड़ा, प्राचार्य, एसडी महाविद्यालय।