चाबी लगी छोड़ने का फायदा उठाकर वैगनआर लेकर भागा, कुछ दूरी पर ही बंद हुई कार
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सेक्टर-29 थाना क्षेत्र में शुक्रवार को कार चोरी का मामला सामने आया। कार लेकर भाग रहा युवक कुछ ही दूरी पर स्कूटी से टकरा गया। टक्कर के बाद कार बंद हो गई, जिसके चलते कार मालिक और राहगीरों ने उसे पकड़ लिया। बाद में आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मनाना गांव निवासी राकेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार दोपहर अपने साथी मनप्रीत के साथ सेक्टर-29 स्थित एक बैंक में काम से आए थे। उन्होंने अपनी वैगनआर कार खड़ी की थी और चाबी कार में ही लगी रह गई। इसी दौरान एक युवक उनकी कार लेकर भागने लगा। राकेश ने शोर मचाया और अपने साथी के साथ कार का पीछा किया। आसपास के लोगों ने भी आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया।
आरोपी कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि उसकी कार एक स्कूटी से टकरा गई। टक्कर के बाद कार बंद हो गई और वह आगे नहीं भाग सका। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि कार खुली छोड़ी गई थी, इसलिए वह उसमें बैठ गया था। थाना प्रभारी रोबिन ने बताया कि कार मालिक राकेश की शिकायत पर वाहन चोरी सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।