संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। पानीपत के उझा रोड निवासी एक युवक ने अपने दो दोस्तों पर बंधक बनाकर पीटने के आरोप लगाए हैं। आरोप है कि दोनों ने जन्मदिन की पार्टी के बहाने उसे बुलाया और बलाना गांव में एक कमरे में बंधक बना लिया, इसके बाद शराब के नशे में उसकी पिटाई की और एक युवक ने उनके साथ अश्लील हरकत की। इसराना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
मूल रूप से यूपी के बिजनौर जिले के एक युवक ने बताया कि वह शादीशुदा है और पानीपत में उझा रोड पर एक कॉलोनी में किराये के मकान में रहता है। वह बलाना गांव में एक फैक्टरी में लेबर का काम करता है। यहां पर उनके साथ विनय और रिंकू भी काम करते हैं। रविवार की शाम को जब वह छुट्टी पर घर जाने लगा तो विनय ने कहा कि पलडी गांव में उसके दोस्त का जन्मदिन है दोनों साथ चलते हैं। बाद में तुझे घर छोड़ देंगे।
जिस पर वह उनके साथ चला गया, इसके बाद वह उसे बलाना गांव में एक कमरे में ले गए। जहां पर विनय और रिंकू ने शराब पी। जब उसने कहा कि घर जाने में देर हो रही है तो दोनों ने उसे डरा धमकाकर वहीं पर बैठा लिया, इसके बाद दोनों ने उसकी पिटाई की।
करीब एक घंटे तक उसे पीटते रहे। एक आरोपी ने उसके मुंह में अपना प्राइवेट पार्ट घुसा दिया, इसके बाद उसे रातभर वहीं पर बंधक बनाकर रखा गया। सुबह उसे जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने को कहा, जिसके बाद वह चुप रहा। दो दिन बाद उसने अपनी पत्नी को पूरी बात बताई। इसके बाद पीड़ित ने इसराना थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। इस संबंध में इसराना थाना प्रभारी महिपाल सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अभी मामले की तफ्तीश चल रही है। तफ्तीश के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।