पानीपत। सेक्टर-29 औद्योगिक थाना के अंतर्गत विकास नगर में एक फाइनेंसर से परेशान होकर एक युवक घर छोड़कर लापता हो गया। फाइनेंसर ने युवक की गारंटी पर दो अन्य युवकों को पैसे दिए थे। अब अब डर के मारे घर छोड़ गया। सेक्टर-29 औद्योगिक थाना की पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
विकास नगर के बीर सिंह ने बताया कि उसका एक बेटा जॉनी ने विकास नगर के ही फाइनेंसर अमरजीत से सात लाख रुपये ब्याज पर लिए थे। जॉनी ने उसे काफी पैसे लौटा दिए थे और कुछ अभी बकाया है। अमरजीत ने जॉनी की गारंटी पर अमन जैन और सन्नी नाम के युवकों को भी कुछ पैसे दिए थे। उसने आरोप लगाया कि अमरजीत ने लेन-देन के विवाद में जॉनी को फोन कर काफी गाली-गलौज की। जॉनी डर के चलते शनिवार रात करीब आठ बजे घर से किसी को बिना कुछ बताए चला गया। थाना प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी की धारा में केस दर्ज किया है। पुलिस युवक की तलाश कर रही है।