माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना चांदनीबाग क्षेत्र में रिसालू गांव के पास खेत में एक व्यक्ति (40) ने हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़कर फंदा लगा लिया। मृतक ने टावर पर करीब 30 फीट ऊंचाई पर पहुंचकर अपने गमछे से फंदा लगाया। मंगलवार सुबह को आस-पास के लोगों ने शव देखकर पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस टीम बिजली निगम के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और बिजली सप्लाई बंद कराकर शव को उतारा। मृतक के हाथ पर गुर्जर करुणा लिखा हुआ है। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हुई है।
थाना चांदनीबाग प्रभारी गौरव ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे उनके पास सूचना आई कि एक व्यक्ति ने रिसालू गांव के पास खेत में खड़े बिजली के टावर पर चढ़कर फंदा लगा लिया है। तुरंत ही वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक का शव टावर पर करीब 30 फीट ऊंचाई पर लटका हुआ था। शव को नीचे उतारने के लिए बिजली सप्लाई बंद कराने के लिए बिजली निगम के अधिकारियों से संपर्क किया। इसके बाद बिजली निगम के अधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंच गए। करीब 11 बजे बिजली सप्लाई बंद होने के बाद पुलिस ने बड़ी मुश्किल से शव को नीचे उतारा। पुलिस ने शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया। लेकिन, मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के हाथ पर गुर्जर करुणा लिखा हुआ है और उसकी उम्र 40 साल के आस-पास है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। शिनाख्त करने के आस-पास पास के थानों से संपर्क किया गया है।
पुलिस को शव को टावर से नीचे उतारने के लिए खासा मशक्कत करनी पड़ी। शव टावर पर करीब 30 फीट की ऊंंचाई पर लटका हुआ था। जिस कारण पहले बिजली सप्लाई शुरू की गई। इसके बाद टावर पर चढ़कर बड़ी मुश्किल से शव को नीचे उतरा गया। सुबह शव को उतारने के प्रयास शुरू किए गए थे। इसके बाद 11 बजे शव नीचे उतारा जा सका।