पानीपत। एक स्कूल में बच्चे को उलटा लटकाकर पीटने का मामला अभी शांत नहीं हुआ था। इसी बीच काबड़ी गांव के एक स्कूल में भी नौवीं के छात्र की पिटाई करने का मामला सामने आया है। छात्र किसी अन्य कक्षा में अपने साथी से किताब लेने जा रहा था। उसी समय विज्ञान के शिक्षक ने उसे रोककर थप्पड़ मारे। इसके बाद प्रिंसिपल के कार्यालय में ले जाकर पिटाई की। छात्र ने किसी महिला के फोन से परिजनों को इसकी जानकारी दी जिसके बाद परिजन थाने पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस बुला ली। परिजनों ने शिक्षक पर जाति सूचक शब्द करने के भी आरोप लगाए। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिली थी। प्रकरण की जांच की जा रही है।
काबड़ी गांव के रजनीश ने बताया कि उनका बेटा दीशु गांव के सरकारी स्कूल में नौवीं का छात्र है। सोमवार को वह स्कूल गया था। उसने बताया कि वह अपनी किताब लेने के लिए दूसरे कमरे में जा रहा था। उसी समय विज्ञान पढ़ाने वाले शिक्षक सुनील ने उन्हें रोक लिया और वापस जाने को कहा। जब वह वापस जाने लगा तो शिक्षक ने उसे थप्पड़ मारे। इसके बाद उसे प्रिंसिपल के कार्यालय में ले जाकर भी थप्पड़ और मुक्के मारे। आरोप है कि बच्चे को घर पर बात भी नहीं करने दी। परिजनों ने छात्र का जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराया है। उधर, पुलिस का कहना है कि उनके पास स्कूल से शिकायत आई थी। शिकायत की जांच की गई है।
विज्ञापन
स्कूल में छात्र की पिटाई की सूचना मिली थी। शिक्षकों की ओर से भी शिकायत थाने में आई। फिलहाल जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
-देवेंद्र , प्रभारी थाना मॉडल टाउन