पानीपत। मॉडल टाउन थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर कार, सोने के जेवरात और नकदी की मांग करने तथा उसकी मां का प्लॉट बेचकर रकम लाने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट कर घर से निकालने और खाने में हानिकारक पदार्थ मिलाने की शिकायत दी है।
विवाहिता के अनुसार, उसकी शादी मई 2025 में हुई थी। कुछ माह बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज की मांग शुरू कर दी। रिश्तेदारों की पंचायत और महिला थाने व मेडिएशन सेंटर में सुलह के प्रयास विफल होने पर मॉडल टाउन थाना पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली।
आरोप है कि जून में उसके साथ मारपीट कर मां का प्लॉट अपने नाम करवाने का अल्टीमेटम देते हुए घर से निकाल दिया गया। थाना प्रभारी जगमिंद्र ने बताया कि दहेज प्रताड़ना और मारपीट सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।