इसराना (पानीपत)। बिजावा गांव में शराब पीने से गंभीर दूसरे मजदूर की भी मौत हो गई। परिजन उसे एनसी मेडिकल कॉलेज इसराना से यूपी के मेरठ स्थित एक अस्पताल में ले गए थे। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं। थाना पुलिस के साथ सीआईए की टीम जांच में लगी है। प्राथमिक जांच में शराब काकोदा गांव से एक सप्ताह पहले लाने की बात सामने आई हैं। पुलिस काकोदा गांव में भी जांच पड़ताल कर रही है।
उल्लेखनीय है कि वीरवार रात को बिजावा गांव में राजकुमार, बंटी और विकास ने हाथ की निकाली शराब पी थी। राजकुमार और बंटी कुछ देर बाद ही बेहोश हो गए। उनको इसराना के एनसी मेडिकल कॉलेज लाया गया। जहां शुक्रवार दोपहर बाद मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के जसवंतपुर गांव के राजकुमार की मौत हो गई थी। बुलंदशहर के गांव साहनपुर का बंटी गंभीर था। उसको शुक्रवार देर शाम को एनसी मेडिकल कॉलेज इसराना से पीजीआई रोहतक रेफर किया था। परिजन उसको यूपी के मेरठ ले गए थे। उनकी यहां पर शनिवार सुबह मौत हो गई।
बॉक्स
एक सप्ताह पहले काकोदा से लाए थे कच्ची शराब
बिहार निवासी विकास ने बताया कि वह जसवंतपुर, मध्य प्रदेश निवासी के राजकुमार और बुलंदशहर यूपी निवासी बंटी के साथ मजदूरी करता है। वे तीनों एक सप्ताह पहले बिजावा आए थे। बंटी काकौदा गांव से कच्ची शराब लेकर आया था। राजकुमार और बंटी ने देर रात तक शराब पी। वह शुक्रवार सुबह दोनों को उठाने गया तो वे बेहोश मिले। दोनों को एनसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया।
वर्जन :
दोनों मजदूरों की ज्यादा शराब पीने से मौत हुई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। एफएसएल टीम ने भी मौका मुआयना किया है। दोनों के शवों के पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए हैं। इसमें रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को मौके से कोई शराब नहीं मिली है। खाली बोतल को जांच के लिए भेजा जाएगा।
महिपाल, प्रभारी, थाना इसराना।