विधायक मनमोहन भड़ाना करेंगे शुभारंभ, त्योहारों पर शहर को रोशन करने के लिए लगाई गईं स्ट्रीट लाइटें
संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। शहर को स्वच्छ, सुंदर और रोशन बनाने के लिए 17 अक्तूबर से ‘स्वच्छ समालखा, स्वस्थ समालखा’ अभियान शुरू होगा। पुराने बस अड्डे के पुल के नीचे विधायक मनमोहन भड़ाना अभियान का शुभारंभ करेंगे। नगर परिषद ने अभियान की तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को अधिकारियों ने जीटी रोड स्थित विधायक की कोठी पर बैठक कर अभियान की रूपरेखा पर चर्चा की।
नगर परिषद चेयरमैन अशोक कुच्छल, विधायक प्रतिनिधि शारिक और राकेश अहलावत ने बताया कि पहले चरण में वार्ड-1, 12 और 17 में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद वार्डवार शहर के अन्य क्षेत्रों और गांवों में भी सफाई कराई जाएगी। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ दुकानदारों से दुकानों के बाहर डस्टबिन रखने और सड़क पर कचरा नहीं फैलाने की अपील की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विधायक के निर्देश पर भापरा रोड, बिहौली रोड, जौरासी रोड, चुलकाना रोड और हथवाला रोड पर स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, ताकि रात के समय अंधेरे की समस्या दूर हो सके। त्योहारों के सीजन में शहर को रोशन करने की भी तैयारी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में करोड़ों रुपये की लागत से शहर में विकास कार्यों को गति दी जाएगी।
नगर परिषद चेयरमैन और विधायक प्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन की पहली शर्त है। युवाओं को स्वच्छता अपनी आदत बनानी चाहिए। व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ विचारों और व्यवहार में स्वच्छता अपनाना भी जरूरी है। लोगों की सहभागिता से ही स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सकता है।
29