सनौली। पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे 709डी पर धुंध के कारण सोमवार रात को कार पेड से टकरा गई। इसके बाद अनियंत्रित होकर गेहूं के खेत में पलट गई। कार चालक भी कार में फंस गया। तुरंत ही आस-पास के राहगीरों ने चालक को कार से बाहर निकाला और निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने कार अपने कब्जे में ले ली है।
बताया जा रहा है कि देर रात को एक कार पानीपत की ओर से शामली की ओर जा रही थी। जब कार चालक सनौली-बापौली रोड के पास पहुंचा तो कार अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। इसके बाद कार सड़क किनारे गेहूं के खेत में गिर गई। जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई और चालक कार में ही फंस गए। राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद कार की खिड़की तोड़कर चालक को बाहर निकाला। हादसे की सूचना पर सनौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। कार अपने कब्जे में ले ली है। नंबर के आधार पर कार के मालिक की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि देर रात को हाईवे पर हादसा होने की सूचना मिली थी। कार कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। संवाद