पानीपत। थाना सेक्टर-29 क्षेत्र के विकास नगर में घर में खड़ी मोटरसाइकिल की टंकी से पेट्रोल रिसने से आग लग गई। कुछ ही दूर में आग की लपटों ने पूरी घर को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे घर में महिला और बच्चों का धुएं से दम घुट गया और वे बेसुध हो गए।
पड़ोसियों ने किसी तरह से उन्हें बाहर निकाला और आग पर काबू पाया। उधर, जिस मकान में आग लगी उसमें शादी की तैयारी चल रही थी और सामान रखा हुआ था जो आग से खाक हो गया।
विकास नगर के जयपाल सिंह ने बताया कि रविवार को उनके बेटे बाजार गए थे। जैसे गैस की किल्लत हो रही है कहीं पेट्रोल की किल्लत न हो जाए तो उसने बेटे से मोटरसाइकिल की टंकी फुल कराने के लिए कहा। रात को करीब आठ बजे वह मोटरसाइकिल की टंकी भरवाकर घर आ गया और आंगन में खड़ी कर दी। लेकिन मोटरसाइकिल से पेट्रोल रिसता रहा। जिससे मोटरसाइकिल का इंजन गर्म होने के कारण मोटरसाइकिल में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया।
जयपाल सिंह ने बताया कि एक कमरे में उनकी बेटे की पत्नी सीमा और पोता प्रियांशु फंस गए। धुएं में दम घुटने से दोनों बेसुध हो गए। कमरे का दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला। इसी बीच पड़ोसियों ने तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। जयपाल ने बताया कि उनके भतीजे की शादी की तैयारी चल रही है। जिसका सामान उनके घर में रखा हुआ था। सामान भी जलकर खाक हो गया। ब्यूरो