पानीपत। नेशनल हाईवे नंबर-1 पर प्रस्तावित फुट ओवर ब्रिजों के निर्माण बाबत डीसी मोना श्रीनिवास ने जीटी रोड का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और उपस्थित अधिकारियों को जल्द से जल्द रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
डीसी ने वीरवार को बरसत रोड, खादी आश्रम और सेक्टर-29 के पास बनने वाले दो फुट ओवर ब्रिजों समेत चार स्थानों का दौरा किया। उन्होंने बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता को कहा कि इस कार्य पर खर्च का ब्योरा भी शीघ्र भेजें। इसके साथ-साथ बीएसएनएल के अधिकारियों को कहा कि जितने भी भूमिगत तार हैं, अगर उनकी शिफ्टिंग करने की जरूरत है तो उसकी रिपोर्ट भी तैयार की जाए।
उन्होंने कहा कि रोड पार करने के लिए लोगाें को परेशानी का सामना करना पड़ता है, इसलिए सही लोकेशन ही देखी जाए ताकि फुट ओवर ब्रिज बनाने में कोई दिक्कत न आए। पानी का लेवल भी सही तरह से देख लें, क्योंकि यह एक बड़ा प्रोजेक्ट है। फुट ओवर ब्रिज बनाने में ग्रिल का भी ध्यान रखा जाए।
डीसी ने कहा कि खादी आश्रम के आगे और सेक्टर-29 के आगे बनने वाले फुट ओवर ब्रिज का विशेष ध्यान रखा जाए, क्योंकि यहां से लोग अपने दैनिक कार्य के लिए विभिन्न फैक्टरियों में आते-जाते हैं। इसके साथ-साथ लगने वाले गांवों के लोगों को भी इन फुट ओवर ब्रिजों का फायदा होगा। डीसी ने सेक्टर-29 के आगे पड़ी गंदगी को देखकर उपस्थित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के आदेश दिए।
इस मौके पर एसडीएम अश्वनी मलिक, एलएंडटी के एसके झा, एनएचएआई से एनके कुंडला सहित लोक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग के कार्यकारी अभियंता और बीएसएनएल के अधिकारी उपस्थित थे।