गोहाना (सोनीपत)। गांव जाट पुगथला निवासी अपहृत एक युवक का शव पुलिस ने रविवार सुबह गांव बलि ब्राह्मणन के नजदीक नहर से मिले एक बोरे से बरामद किया। एफएसएल टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लंकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया। मृतक के भाई के बयान पर तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, गांव पुगथला निवासी नीरज (23) पुत्र प्रेम सिंह ने गोहाना में बस स्टेंड के नजदीक अपने साथियों के साथ एक कमरा किराए पर ले रखा था। 30 सितंबर को नीरज गांव के अपने साथी संदीप व अनिल और गांव मुंडलाना निवासी प्रवीण के साथ गोहाना आया था। इसके बाद वह रहस्यमय ढंग से गायब हो गया। नीरज के भाई धीरज ने जब उसके फोन पर संपर्क का प्रयास किया तो फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके तुरंत बाद परिजनों ने नीरज की तलाश की लेकिन उसका कहीं सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह धीरज ने सिटी थाना गोहाना में गांव पुगथला निवासी संदीप व अनिल और गांव मुंडलाना निवासी प्रवीण के खिलाफ उसके भाई नीरज का अपहरण करने का मामला दर्ज करवाया।
उधर, कुछ समय बाद सदर थाना पुलिस को सूचना मिली कि गांव बलि ब्राह्मणान के पास से गुजर रही नहर में बोरे में किसी का शव पड़ा है। पुलिस ने जांच की तो शव की पहचान नीरज के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया। शव गली सड़ी हालत में होने के कारण चिकित्सकों ने उसे पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भिजवा दिया। डीएसपी यशपाल सिंह खटाना ने कहा कि मृतक के भाई के बयान पर रविवार की सुबह संदीप, अनिल व प्रवीण के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।