मतलौडा। गांव कवी गांव के सैनी मोहल्ले में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर 15 दिन से फूंका होने के कारण 400 घर अंधेरे में डूबे हुुए हैं। ग्रामीणाें द्वारा अपने हलके के इनेलो विधायक से फोन पर करवाई गई सिफारिश भी किसी काम न आई। दरअसल हलके के विधायक की सिफारिश पर सत्ता पक्ष के विधायक की सिफारिश भारी पड़ गई। हुआ यूं जब हलके के लोग इनेलो विधायक से फोन करवारकर निगम के स्टोर में ट्रांसफार्मर लेने पहुंचे तो उसी समय सत्ता पक्ष के विधायक का फोन आ गया और अधिकारी ने ट्रांसफार्मर सत्ताधारी विधायक के हलके के लोगाें को थमा दिए। इसके बाद लोगों ने निगम की कार्यप्रणाली के खिलाफ रोष जताते हुए सीएम से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।
कवी गांव के किसान राजसिंह, रणबीर सिंह, अनिल बांगड़, राजेंद्र, तेजबीर आदि ने बताया कि बार बार डिमांड करने के बाद भी फूंके हुए ट्रांसफार्मर के स्थान पर नए नहीं मिल रहे। इसराना हलका विधायक कृष्ण लाल पंवार के फोन करने के बाद अधिकारियाें ने उन्हें 16 अगस्त को बुलाया था। वे ट्रांसफार्मर लेने पानीपत स्टोर में गए मगर इसी बीच सत्ता पक्ष के विधायक का सिफारिशी फोन आ गया। इस पर अधिकारियाें ने ट्रांसफार्मर दूसरे हलके के लोगाें को दे दिए। इस मनमानी से परेशान कवी गांव के लोग किराए की गाड़ी लेकर गए खाली हाथ लौट आए।
कवी गांव के प्रेमसिंह के खेत का सौ केवीए का ट्रांसफार्मर 19 जून से फूंका पड़ा है। बिजली अधिकारियों से बार बार मांग करने के बाद भी अब तक उन्हें ट्रांसफार्मर नही दिया जा रहा। मतलौडा क्षेत्र के करीब 18 ट्रांसफार्मर एक माह से फूंके पडे़ हैं मगर उन्हें आज तक ट्रांसफार्मर नहीं मिल पाए।
इस बारे में एक्सईएन, स्टोर प्रविंद्र कुमार ने बताया कि उनके पास संबंधित क्षेत्र के एक्सईएन से जिस भी किसान को ट्रांसफार्मर देने का पत्र आता है उसी को दिया जाता है। लेकिन हमारे यहंा सीनियरिटी लिस्ट नही बनती। लिस्ट संबंधित क्षेत्र के एक्सईएन के कार्यालय में बनाई जाती है। राजनेताओं के दबाव से ट्रांसफार्मर देने के सवाल पर मैं कुछ नहीं बोलूंगा।
वहीं सब अर्बन के एक्सईएन जेसी शर्मा ने बताया कि सीनियरिटी लिस्ट स्टोर के एक्सईएन के पास बनाई जाती है। वे तो लोगों की डिमांड को स्टोर में भेज देते हैं। अब स्टोर के अधिकारी जाने की किसको ट्रांसफार्मर देना है किसको नही।