पानीपत। इंस्पायर अवार्ड योजना के तहत अपने आइडियाज भेजने के मामले में पानीपत जिला अपने लक्ष्य से काफी दूर है। जिले से 965 से अधिक विद्यार्थी अपने आइडियाज भेज चुके हैं जबकि जिले को 1400 आइडियाज भेजने का लक्ष्य मिला है। इनमें बापौली को 235, इसराना को 230, मतलौडा को 275, पानीपत को 395 और समालखा खंड को 265 आइडियाज भेजने का लक्ष्य मिला है। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी 30 सितंबर तक अपने आइडियाज भेज सकेंगे।
विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विभाग ने आइडियाज भेजने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की थी लेकिन आवेदन कम आने से विभाग अंतिम तिथि को पहले 15 सिंतबर और अब 30 सितंबर के लिए बढ़ा चुका है। आइडियाज भेजने के लिए मात्र छह दिन का समय बचा है। इतने कम समय में लक्ष्य को हासिल करना जिला शिक्षा विभाग के लिए चुनौती बना हुआ है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों की बैठक लेकर अपने अधीनस्थ स्कूलों में ज्यादा से ज्यादा आइडियाज भिजवाने के निर्देश दिए हैं। वहीं, विभाग की ओर से कम आवेदन वाले खंडों की सूची मांगी गई थी। जिला विज्ञान विशेषज्ञों को यह सूची 20 सितंबर तक भेजने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशानुसार जिला शिक्षा विभाग लक्ष्य से अधिक आइडियाज भेजने की कवायद में जुटा है। योजना के तहत अपने आइडियाज भेजने के मामले में जिले के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी रूचि दिखाने लगे हैं।
युवा सोच को मिलेगी नई उड़ान
डीएसएस संदीप कुमार ने बताया कि युवा सोच को नई उड़ान देने के मकसद से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग इंस्पायर अवार्ड की शुरूआत की है। इसके तहत देशभर के सरकारी व निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छठी से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के मौलिक विचारों और नव प्रवर्तनों के नए यूनिक आइडिया ऑनलाइन मांगे गए हैं। विभाग ने जिले को 1400 आवेदन करने का लक्ष्य दिया है। इनमें जिले के 174 राजकीय तथा 106 निजी स्कूलों को लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि निजी स्कूल आइडियाज भेजने में कम रूचि दिखा रहे हैं।
बॉक्स
हर स्कूल से चयनित होंगे पांच आइडिया
हर स्कूल से पांच आइडिया चयनित किए जाएंगे। श्रेष्ठ 60 आइडिया का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन होगा जिन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा। यह योजना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग नई दिल्ली के अंतर्गत नेशनल इनोवेशन फाउंडेशन की ओर से चलाई गई है। विद्यार्थियों को अपने आसपास घट रही समस्याओं के निदान पर आइडिया देना हैं।
जिलावार 23 सितंबर तक भेजे गए आइडियाज
जिला भेजे गए आइडियाज
सिरसा 1592
कुरुक्षेत्र 1497
महेंद्रगढ़ 1483
हिसार 1410
मेवात 1407
सोनीपत 1340
करनाल 1273
गुरुग्राम 1218
फतेहाबाद 1211
झज्जर 1200
कैथल 1192
अंबाला 1110
जींद 1052
रेवाड़ी 1035
फरीदाबाद 969
पानीपत 965
पलवल 936
रोहतक 922
चरखीदादरी 800
भिवानी 794
यमुनानगर 654
पंचकुला 604
कुल 24664
इंस्पायर योजना में लगातार जिले से आवेदन बढ़ रहे हैं। सभी स्कूलों का योजना में भाग लेना अनिवार्य है। जिला स्तर के बाद राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर आइडिया चयनित किया जाएगा। निर्धारित समय तक आवेदनों की संख्या बढ़ाते हुए लक्ष्य पूरा करने का प्रयास रहेगा।
- संदीप कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, पानीपत।