गांव डाहर में 73 एकड़ में बनने वाले शुगर मिल का हुआ भूमि पूजन
पानीपत। जिला के गांव डाहर में 300.60 करोड़ रुपये की लागत से 73 एकड़ में बनने वाली अत्याधुनिक शुगर मिल का भूमि पूजन किया। इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि 50 हजार क्विंटल क्षमता की यह शुगर मिल जिला पानीपत के किसानों के लिए बड़ी सौगात है। पानीपत के किसानों को अब अपना सरपल्स गन्ना यूपी व उत्तराखंड आदि राज्यों में लेकर नहीं जाना पड़ेगा। पानीपत के पुराने शुगर मिल के स्थान पर जब नई शुगर मिल लगाने की बात आई थी तो मौजूदा 18 हजार क्विंटल प्रतिदिन क्षमता के पुराने शुगर मिल के स्थान पर 25 हजार क्विंटल का मिल लगाने का प्रपोजल अधिकारियों ने बनाया था। उन्होंने उसी वक्त मुख्यमंत्री व अन्य अधिकारियों को कहा था कि कोल्हू मत लगाओ, अब तो बड़ी मिल ही लगने दो। उसके उपरांत ही यहां पर 50 हजार क्विंटल क्षमता का शुगर मिल लगाना फाइनल हुआ था। ग्रोवर ने कहा कि उन्होंने प्रदेश के सहकारी क्षेत्र के 10 व हैफेड के एक शुगर मिल की पिराई क्षमता बढ़ाने का काम किया है। इस शुगर मिल को उत्तम सुक्रोटेक इंटरनेशनल कंपनी द्वारा 11 माह में बनाया जाएगा और इसमें 28 मेगावाट बिजली का भी उत्पादन होगा। इससे पहले भूमि पूजन पर आयोजित हवन में सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर, परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार, पानीपत ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा, समालखा विधायक रवींद्र मच्छरौली, शुगर मिल फेडरेशन के चेयरमैन हरपाल सिंह चीका व एमडी मुकुल कुमार, हरकोफेड के चेयरमैन रघुनाथ तंवर कश्यप, उपायुक्त सुमेधा कटारिया, एसडीएम एव निगम आयुक्त वीना हुड्डा सहित भाजपा पदाधिकारियों व जिलाभर से आए किसानों ने आहूति डाली। भूमि पूजन कार्यक्रम में पहुंचने पर अतिथियों का शुगर मिल के एमडी संदीप अग्रवाल ने स्मृति चिन्ह भेंट किए। परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार, विधायक महीपाल ढांडा व रवींद्र मच्छरौली आदि ने कहा कि लंबे समय से पहले वाले मुख्यमंत्री नया शुगर मिल लगाने की बाते तो बहुत करते रहे पर सभी ने जिला के गन्ना किसानों की अनदेखी करते हुए कभी शुगर मिल लगाने की और कोई ध्यान नहीं दिया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा किसानों के हित में नया शुगर मिल लगाने का फैसला लिया गया। इस अवसर पर पार्षद अशोक
कटारिया, पार्षद संजीव दहिया, विजय जैन, प. शिवकुमार शर्मा, रवींद्र भाटिया, पार्षद के पति राजपाल हरिनगर, सरपंच खुशदिल कादियान, वरिष्ठ नेता नीतिसेन भाटिया, धर्मपाल जागलान, मुकेश वाल्मीकि, बिजेंद्र मलिक इंटक प्रधान, रामरतन महराना पूर्व सरपंच व देवेंद्र संधू मौजूद रहे।
मनीष ग्रोवर ने स्टेज से दी भूपेंद्र सिंह हुड्डा को चुनौती
राज्य सहकारी मंत्री ने कहा कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने कार्यकाल में किसानों का शोषण किया है और प्रदेश को लूटकर रोबर्ट वाड्रा की जेब भरी है। अब वे जेल जाने की तैयारी में है। वे भूपेंद्र सिंह हुड्डा को रोहतक में बुरी तरह से हराएंगे। उन्होंने दुष्यंत चौटाला व अभय चौटाला पर तंज कंसते हुए कहा कि प्रदेश में चाचा भतीजे की लड़ाई चल रही है। ये लोग प्रदेश को गुमराह कर रहे हैं।