खुद को मेयर व पार्षद उम्मीदवार बताने वाले हटा लें अपने बोर्ड नहीं तो होगी कार्रवाई: बराला
-सुभाष बराला ने पानीपत में ली विधायकों व पदाधिकारियों की मीटिंग
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा चुनाव की रणनीति बनाने में जुट गई है। इसी प्रक्रिया में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष बराला ने मॉडल टाउन के आर्य सेवा सदन में पार्टी के विधायकों पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली। उन्हाेंने पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यकर्ता ग्राउंड लेवल पर काम करें और लोगों को पार्टियों की नीतियों के बारे में अवगत कराएं। उन्होंने खुद को मेयर व पार्षद पद का उम्मीदवार बताने वालों को चेतावनी दी कि जो भी व्यक्ति अपने बोर्ड लगाकर खुद को मेयर व पार्षद पद का उम्मीदवार बता रहा है उन पर उनकी नजर है। ये सभी गतिविधियां पार्टी विरोधी गतिविधियां हैं। कोई भी व्यक्ति ऐसा ना करें क्योंकि अब तक पार्टी ने किसी को भी मेयर व पार्षद पद के लिए नोमिनेट नहीं किया है। उन्होंने ऐसे लोगों को अपने बोर्ड हटाने के लिए सोमवार तक का समय दिया है। सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता वोटर लिस्ट के अनुसार काम करें। सभी 26 वार्डों में एक एक कोऑर्डिनेटर नियुक्त करें। इन सभी 26 कोऑर्डिनेटर पर एक कोर्डिनेटर होगा। जो जिले का पूरा कोर्डिनेशन का काम दिखेगा। भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार ने चार साल में जनता के हित में कड़े कदम उठाए हैं।
पार्टी हमेशा की तरह अपने चुनाव निशान पर ही चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कांग्रेस व इनेेलो को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पूर्व की सरकारों ने प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया है। प्रदेश की जनता उनको कभी सत्ता में नहीं देखना चाहती। चुनाव में जनता को आइना दिखा देगी। एक नवंबर को सीएम मनोहर लाल खट्टर रैलियां करेंगे। उनके साथ इस मौके पर परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्ण लाल पंवार विधायक महिपाल ढांडा, विधायक रोहिता रेवड़ी, जिला अध्यक्ष प्रमोद विज, जिला युवा मोर्चा के अध्यक्ष मेघराज गुप्ता, दुष्यंत भट्ट, मनोज शर्मा आदि रहे।