बिजनौर मेरठ के ध्यानार्थ
हाईवे से पलटी तेज रफ्तार क्रूजर, तीन की मौत, नौ घायल
पानीपत-गोहाना नेशनल हाईवे पर हुआ हादसा, पुलिस ने हादसे के बाद काटे ओवरस्पीड वाहनों के चालान
अमर उजाला ब्यूरो
इसराना। पानीपत-गोहाना नेशनल हाईवे पर वीरवार को इसराना शाहपुर के बीच शहीद विजय गैस सर्विस गोदाम के पास तेज रफ्तार क्रूजर के पलटने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। गाड़ी इसराना से गोहाना की तरफ जा रही थी। हादसे के बाद पुलिस टीम के साथ थाना प्रभारी सुरेश कुमार मौके पर पहुंचे। हादसे के समय हाईवे पर पीछे से आ रही एनसी मेडिकल की बस की मदद से राहगीरों ने घायलों को एनसी मेडिकल पहुंचाया गया। इस दुर्घटना के बाद पुलिस 18 ओवरस्पीड वाहनों के चालान काटे।
क्रूजर पानीपत-गोहाना मोड़ से सवारियां भरकर गोहाना के लिए चली थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार क्रूजर की स्पीड 100 किलोमीटर प्रतिघंटा थी। इसी कारण शाहपुर गांव के पास जीप चालक ने संतुलन खो दिया। जीप सड़क से नीचे उतरकर गड्ढों में जाकर पलट गई और इसके बाद पेड़ से भी टकरा गई। इस हादसे में आगे बैठे दो लोग और एक बीच वाली सीट पर बैठे युवक की मौत हो गई और नौ लोग घायल हो गए। मृतकों में एनसी कॉलेज में बतौर क्लर्क कार्यरत दीपक (25) पुत्र चांद राम निवासी पिनान, टायर पंक्चर की दुकान चलाने वाले शाहपुर निवासी सुरेश (45) पुत्र कन्हैया और उत्तर प्रदेश के बिजनौर के लटकमाजरा निवासी पूर्ण सिंह (50) पुत्र समुंद्र शामिल हैं। घायलों में विकास निवासी इंद्र गढ़ी गोहाना, राहुल निवासी गोहाना, सोनू निवासी जवाहरा, रेखा निवासी चिडाना, गुरदीप कौर निवासी कैलाना खाश, प्रियंका निवासी गोहाना, नरेश कुमारी निवासी ढुराना और पांच साल के एक लड़के समेत नौ लोग शामिल हैं। सभी घायलों को पहले एनसी मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया। उधर, इस हादसे के बाद जीप चालक को मामूली चोट आई थी। वह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी का नंबर नोट कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।
---
सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया था। शव को सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है। तेज रफ्तार वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कार्रवाई कर भी रही है।
- सुरेश कुमार, एसएचओ, इसराना थाना पुलिस
---
तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों पर अंकुश नहीं
आमतौर पर देखा जा रहा है कि हाईवे पर विशेषकर सवारी जीप चालक एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में भूल जाते हैं कि जीप में अनमोल जिंदगियां सवार हैं। उन्हें तो सिर्फ दूसरे से आगे निकल कर सवारी लेने की होड़ लगी रहती है। समय-समय पर शिकायत के बाद पुलिस भी शिकंजा कसती है लेकिन एक दो दिनों के बाद फिर शुरू हो जाता है तेजरफ्तार व ओवरलोडिंग का खेल। क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन से सवारी जीपों की तेज रफ्तार व ओवरलोडिंग पर शिकंजा कसने की मांग की है।