माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। पुलिस छीना झपटी के मामले में आरोपियों पर ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रही है। नौ माह में जिले में 86 वारदात दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें से 64 प्रतिशत मामलों का ही खुलासा कर पाई है। पांच साल में भी यही स्थिति है।
जिले में चोरी और छीना झपटी की वारदात लगातार बढ़ रही हैं। पुलिस का वर्कआउट रेट 64 फीसदी ही रहा है। बाकी अन्य वारदात का खुलासा नहीं हो सका है। करीब पिछले पांच साल में भी यही स्थिति रही है। वर्ष 2024 में भी जिले में केवल 57 प्रतिशत वारदात का ही खुलासा हुआ था। वर्ष 2023 में 54 और 2022 में 69 और 2021 में 114 वारदात हुई थी। इनमें से भी 64 प्रतिशत वारदात का ही खुलासा हुआ था।
चोरी की 409 वारदात में 159 का खुलासा
जिले की चोरी का वारदात का भी पुलिस खुलासा नहीं कर पा रही है। नौ माह में जिले में करीब 409 वारदात दर्ज की गई। इनमें से करीब 160 वारदात का ही पुलिस खुलासा कर पाई है। बाकी मामलों में पुलिस चोरों का सुराग नहीं लगा पाई।
नशे के आदी युवा करते हैं ज्यादातर वारदात
स्नेचिंग की ज्यादातर वारदात में कम उम्र के युवा शामिल हैं। इनमें में से भी ज्यादातर युवा नशे के आदी हैं। युवा नशे की लत पूरी करने के लिए वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस इस वर्ष स्नेचिंग की वारदात में करीब 135 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर चुकी है।
वारदात का खुलासा करने के लिए लगातार टीमें काम कर रही हैं। टीमों को अधिक से अधिक वारदात का खुलासा करने के निर्देश दिए गए हैं।
-सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय