चुनाव पार्टियां रिहर्सल के बाद बूथ पर पहुंची, सुबह साढ़े छह बजे से शुरू होगी मतदान प्रक्रिया, साढ़े सात बजे आम मतदाता डालेगा अपना वोट
पानीपत। नगर निगम का चुनाव रविवार को स्वतंत्र, निष्पक्ष, विधिवत्त और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करवाने के लिए एसडी स्कूल के प्रांगण में फाइनल रिहर्सल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता एडीसी एवं रिटर्निंग अधिकारी सुजान सिंह यादव ने की। स्कूल परिसर में रिहर्सल के बाद 7 स्थानों पर ईवीएम मशीनें और अन्य सामग्री वितरण का कार्य किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम एवं एआरओ विवेक चौधरी व एसडीएम एवं एआरओ गौरव कुमार भी मौजूद रहे और सभी पोलिंग पार्टियों को सामान वितरित किया। एडीसी एवं रिटर्निंग अधिकारी सुजान सिंह यादव ने कहा कि चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, विधिवत्त और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सभी पोलिंग पार्टियों को चुनाव सामग्री और पूरे कर्मचारी दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार नगर निगम के मेयर पद का चुनाव सीधे मतदाता करेंगे। सभी मतदान केन्द्रों पर एक मतदाता दो उम्मीदवारों को वोट देगा। इसलिए सभी केन्द्रों पर दो ईवीएम मशीनें लगाई जाएंगी। पहले मतदाता मेयर पद के लिए मतदान करेगा और फिर सदस्य पद के उम्मीदवार के लिए मतदान करेगा।