वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज की बसों में देश में कहीं भी 50 प्रशित की छूट : पंवार
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। परिवहन, आवास एवं कारावास मंत्री कृष्णलाल पंवार ने वैसरी गांव के अपग्रेड स्कूल का उद्घाटन किया और ग्रामीणों को इसकी बधाई दी। इससे पहले कृष्णलाल पंवार का गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया।
कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री मनोहरलाल के दिशा-निर्देशन में पहली बार शिक्षा नीति बनाई है। यही नहीं, अध्यापक अपने तबादलों के लिए परेशान रहते थे। सरकार ने ऑनलाइन तबादला नीति बनाकर इस परेशानी को खत्म किया है। इस तबादला नीति को दूसरे प्रदेश भी अपनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी छात्रा 20 किमी से ज्यादा सफर तय कर कॉलेज में नहीं जाती है। 20 किमी के दायरे में या तो कोई कॉलेज स्थापित होता है, नहीं तो यह नीति बनाई गई है कि उस दायरे में सरकार द्वारा राजकीय कॉलेज स्थापित जाएगा। पूरे हरियाणा में अब तक इस नीति के तहत 20 राजकीय कॉलेज खुलवाए गए हैं और 30 स्थान ऐसे चिह्नित किए गए हैं, जहां पर कॉलेज बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वर्तमान में बुढ़ापा पेंशन 18सौ रुपये दी जा रही है। इसके साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए हरियाणा रोडवेज की बसों में हरियाणा राज्य की सीमा के अंदर आने-जाने पर 50 प्रतिशत किराए में छूट दी जाती थी। सरकार ने इस योजना का विस्तार किया है और वरिष्ठ नागरिकों को पूरे देश में आने-जाने पर हरियाणा रोडवेज की बसों में राज्य की सीमा से बाहर जाने पर भी 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
हलके में विकास कार्यों को गिनवाया
उन्होंने कहा कि हलके के लोगों ने मुझे 25 साल से विधानसभा में भेज रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसराना विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मतलौडा से वैसर की सड़क बनाने की स्वीकृति जल्द-से-जल्द आ जाएगी। पंवार ने कहा कि इसराना क्षेत्र के गांव नौहरा से आसन कलां तक बनने वाली सड़क का भी व्यवधान दूर किया जाएगा। लौहारी से भंडारी की सड़क को नए सिरे से बनाया जाएगा। गांव ऊंटला से वैसरी गांव के लिए एस्टीमेट दोबारा तैयार करवाया जाएगा। वैसर से नारा के लिए, दरियापुर से नारा, उरलाना कलां से अदियाना, मांडी से बांध तक सड़कों की स्वीकृति मुख्यमंत्री से मिल चुकी है। इस मौके पर ग्राम पंचायत सरपंच राजबीर सिंह, सतपाल सिंह, कवर सिंह, सतबीर सिंह, राजेंद्र सिंह, गजेसिंह, मामन, सतपाल, शिवकुमार मौजूद रहे।