पानीपत। जिला स्तरीय जनता समाधान शिविर में सोमवार को 79 लोगों ने शिकायत रखीं। इनमें पुलिस, पेंशन और क्रीड विभाग की अधिक रही। एसडीएम मनदीप कुमार ने इनके समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता जनहित है। अधिकारी इसमें किसी भी तरह की कोताही न बरतें। प्रशासन की ओर से समाधान शिविर में नागरिकों की ओर से दी जा रही शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। अधिकारियों को इसमें और तीव्रता से कार्य करने की आवश्यकता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट भी समाधान शिविर की कार्रवाई देखने पहुंचे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह समाधान शिविर में आने वाली समस्याओं के समाधान को लेकर लगातार समीक्षा कर रहे हैं। दर्शन वासी पानीपत में विधवा पेंशन बनवाने की मांग की। रामवीर ने विदुर पेंशन चालू कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी की मृत्यु हो चुकी है और उसके बाद से वे बीमार रहते हैं। उनके दो बच्चे भी हैं। शमशेर वासी कुराना ने भी विदुर पेंशन बनवाने की अपील की। इसी कड़ी में रेहान वासी भारत नगर ने दिव्यांग पेंशन बनवाने की मांग की। एडवोकेट हरिकिशन ने बबैल रोड से अधूरी पड़ी सड़क को पूरा कराने की मांग की। सरला वासी शक्ति नगर ने परिवार पहचान पत्र में आय कम करने और बीपीएल राशन कार्ड चालू कराने की मांग की। सतीश कुमार वासी काबड़ी ने राशन कार्ड को चालू कराने की मांग की। मीरा वासी पूरेवाल कॉलोनी बीपीएल के तहत राशन देने की मांग की। ब्यूरो