पानीपत। जिले की अनाज मंडियों में गेहूं का उठान अब तेजी से हो रहा है। जिले में अब तक खरीद के 75 प्रतिशत गेहूं का उठान हो चुका है, जिससे किसानों ने राहत की सांस ली है। वहीं, किसानों के भुगतान की स्थिति में भी सुधार हुआ है। रविवार को तक जिले की सभी मंडियों में कुल 3.46 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हुई।
खरीद एजेंसियों ने रविवार शाम तक 3.12 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद कर ली। जिससे मंडियों में अब किसानों का गेहूं कम हो गया है। उधर, उठान की स्थिति में भी सुधार हुआ है। रविवार तक जिले में 2.35 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उठान हो चुका है। बाकी गेहूं मंडियों में ही पड़ा हुआ है। किसानों को 531.71 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है, जिससे किसानों ने बड़ी राहत ली है। किसानों का कहना है कि उठान की स्थिति में सुधार होने से भुगतान की स्थिति में भी सुधार होगा।
उधर, रविवार को मौसम खराब होने के कारण मंडियों में आढ़तियों और किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गेहूं के ऊपर फैलाई गई तिरपाल उड़ गई। जिससे गेहूं के भीगने का खतरा बना रहा। हालांकि, जिले में बारिश नहीं हुई, जिससे किसानों और आढि़यों ने राहत की सांस ली।
मंड़ी सचिव आशा रानी ने बताया कि पानीपत की मंडी में उठान की स्थिति में सुधार है। एक दो दिन में गेहूं का उठान करा लिया जाएगा।