फोटो संख्या- 7 से 9
एक ही परिवार के छह बच्चों का अपहरण, परिवार ने जताया तलाकशुदा पत्नी पर शक
-बतरा कॉलोनी निवासी तलाकशुदा पति ने मॉडल टाउन थाने में अब अपने आखिरी बेटे की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज करवाया
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। बतरा कॉलोनी में एक ही परिवार के छह बच्चों का अलग-अलग समय पर अपहरण हो गया। सभी बच्चों को डेढ़ साल में उठाया गया है। पिता ने बच्चों के अपहरण का शक उसकी तलाकशुदा पत्नी पर जताया है। उसने बताया कि उसकी पहली शादी कानपुर हुई थी। इससे दंपति के छह बच्चे थे। उन्हें एक के बाद एक उसकी तलाकशुदा पत्नी अगवा कर अपने साथ कानपुर ले गई। व्यक्ति ने फिलहाल अपने 10 वर्षीय आखिरी बच्चे की गुमशुदगी का मामला दर्ज करवाया है
वार्ड 22 बतरा कॉलोनी निवासी मोहम्मद राजा पुत्र रफीक अहमद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 10 वर्षीय लड़का समीर है। समीर शुक्रवार को सुबह साढ़े सात बजे स्थानीय मदरसे में पढ़ने गया था। इसके बाद वह हमेशा की तरह 11 बजे तक भी वापस नहीं आया। उसको हर जगह तलाशा, लेकिन उसका कही कोई सुराग नहीं लगा।
पिता ने बताया कि जब वह उसे तलाशते हुए मदरसा पहुंचा तो वहां पर पता लगा कि वह पिछले 10 दिनों से मदरसा नहीं जा रहा है। इसके बाद उसके स्कूल जाकर पता किया। वहां पता लगा कि वह हमेशा की तरह दोपहर 12 बजे स्कूल गया व शाम को हमेशा की तरह ही छह बजे घर पहुंच जाया करता था।
पिता ने बताया कि उसकी पहली शादी शबाना निवासी कानपुर के साथ हुई थी। दंपति के छह बच्चे थे। 11 साल पहले तलाक होने के बाद वह कानपुर चली गई। इधर पति ने तलाक होने के बाद दूसरी शादी रचा ली। इससे दंपति को एक लड़की है। व्यक्ति ने बताया कि शबाना उसके छह बच्चों को एक-एक कर के शहर से कानपुर ले गई। व्यक्ति ने बताया कि शबाना उसके बच्चे 20 वर्षीय चांद बाबू, 19 वर्षीय साहिल, 14 वर्षीय शानू, 12 वर्षीय रानू, 11 वर्षीय खुुशी व 10 वर्षीय समीर को एक साल के भीतर बहला फुसला कर उसके साथ कानपुर ले गई।
राशन कार्ड में मौजूदा पत्नी के साथ है बच्चों का नाम
लापता बच्चों के पिता राजा ने बताया कि राशन कार्ड में लापता बच्चों की मां मौजूदा पत्नी के साथ है। साथ ही इस पत्नी से हुई एक लड़की का नाम भी राशन कार्ड में लिखा हुआ है। तलाकशुदा पत्नी सभी बच्चों को बड़ा होने के बाद बहला फुसला कर लेकर गई है। जब बच्चे छोटे थे, तब उसने इन्हें रखने से मना कर दिया था।
कानपुर पुलिस से साधा संपर्क:
स्थानीय मॉडल टाउन पुलिस ने पीड़ित पति की निशानदेही पर कानपुर पुलिस ने संपर्क साधा है। इसके चलते पानीपत से दो पुलिस की टीम गठित की गई है। साथ ही कानपुर की संबंधित थाना पुलिस ने भी छापेमारी की तैयारी कर ली है। जांच अधिकारी सब इंस्पेेक्टर जसबीर सिंह का कहना है कि जल्द ही मामले में लापता बच्चों का सुराग हाथ लग जाएगा।