फोटो संख्या-28
परिवहन मंत्री ने दो गांवों में दी करोड़ों रुपये की सौगात
अधूरे कार्यों को तय समय में पूरा करवाने का आश्वासन
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। परिवहन एवं आवास मंत्री कृष्णलाल पंवार ने शुक्रवार को इसराना हलके के अदियाना व बांध गांव में करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात देते हुए सभी अधूरे कार्यों को तय समय में पूरा करवाने का आश्वासन दिया और कहा कि विकास का यह दौर भविष्य में भी जारी रहेगा।
मंत्री ने अदियाना गांव में लगभग 70 लाख रुपये से तैयार सब-माइनर का उद्घाटन किया, वहीं गांव अदियान में ही 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सांसी चौपाल, अदियाना से छोटा उरलाना और दरियापुर तक करीब सवा दो करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़कों का शिलान्यास भी किया।
उन्होंने गांव बांध में मांडी तक एक करोड़ पांच लाख में बनने वाली सड़क का शिलान्यास भी किया। ये सभी सड़कें 20 नवंबर तक बनाकर तैयार कर दी जाएंगी। पंवार ने कहा कि उन्होंने लगातार तीस साल से विधानसभा का चुुनाव लड़ा है, जिससे उन्हें पांचवीं बार विधानसभा में जाने का मौका मिला है। लोगों की इस भावना को वे हमेशा शिरोधार्य करते रहेंगे। उन्होंने गांव अदियाना में लोगों की मांग पर माइनर को गांव के बैंक तक 500 मीटर और बढ़ाकर इसका इस्टीमेट बनाने के निर्देश दिए। गांव द्वारा रखी गई बीसी चौपाल, बड़ी चौपाल भी नये सिरे से बनवाने का आश्वासन दिया। बांध गांव में उन्होंने कहा कि नारा से वैसर तक भी सड़क को जल्द से जल्द बनाया जाएगा। यह सड़क बांध गांव से होकर ही गुजरती है। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर गलियों को पक्का करने और गांव में पीने के पानी के लिए ट्यूबवेल लगवाने का आश्वासन भी दिया।
इस मौके पर मतलौडा मार्केट कमेटी के चेयरमैन राजेंद्र भादड़, इसराना के चेयरमैन बलजीत मलिक, बीडीपीओ अशोक छिक्कारा व जितेन्द्र शर्मा, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेश सैनी भी मौजूद थे।