अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
रोहतक में चल रहे कृषि मेले में पानीपत डिपो से शनिवार को 41 बसें भेजी गई, जिस कारण यात्री अपने गंतव्य की ओर जाने के लिए दिनभर परेशान रहे। धूप और गर्मी के कारण यात्रियों को डिपो पर बसों का इंतजार करना मुश्किल हो गया। कुछ यात्रियों ने घंटों बस स्टैंड परिसर में बसों का इंतजार किया। वहीं बहुत से यात्रियों ने अपनी यात्रा ही कैंसिल कर दी। बसों के कारण लोगों को हुई असुविधा से यात्रियों में काफी रोष नजर आया। लेकिन समस्या ये भी है कि अभी रविवार को 21 और सोमवार को फिर से 25 बसें रोहतक कृषि मेले में भेजी जाएगी। पानीपत डिपो में कुल 157 बसें है इसमें से 20 बसें हर रोज सर्विस के लिए वर्कशाप में खड़ी रहती है।
घरां जाणा ऐ मुश्किल हो गया :
दो घंटे से बस स्टैंड पर खड़ा हूं। कैथल जाने के लिए बस नहीं मिल रही है। पूछने पर बता रहे हैं कि बसों की कमी है। इंतजार करना पड़ेेगा। अब करनाल तक दूसरी बस में जाना पड़ेगा वहां से कैथल के लिए बस लूंगा।
- रामफल, कैथल यात्री
जब बस पहले ही कम थी तो इतनी बसें क्यों भेजी:
मतलौडा जाने के लिए एक घंटे से बस का इंतजार कर रही हूं। पूछताछ केंद्र पर बता रहे हैं कि बसें रोहतक मेले में भेज दी है। पहले ही पानीपत में बस की कमी थी तो इतनी बसें वहां क्यों भेजी। अब लोगों को अपने घर जाने में परेशानी हो रही है।
- बिरमी, मतलोडा यात्री
पता होता तो मोटरसाइकिल ले आता:
अगर किसी कारण बसों का रूट बदलना पड़ जाता है तो किसी माध्यम से बताना चाहिए कि बसों की तंगी रहेगी। अगर मुझे पता होता तो मैं अपनी मोटरसाइकिल ले आता।
- नरेंद्र, खलीला गांव यात्री
किसी भी चीज की सुविधा नहीं है
एक तो बसों का इंतजार करना पड़ रहा है। और दूसरा बस स्टैंड पर किसी भी तरह की कोई सुविधा नहीं है। ऐसे में बहुत ही ज्यादा परेशानी हो रही है।
- रामकुमार, सनौली गांव यात्री
कृषि मेले में भेजी हैं बसें 42 बस:
शनिवार को रोहतक में आयोजित कृषि मेले में 42 बसें भेजी गई है। रविवार को 21 बसें और सोमवार को 25 बसें मेले में भेजी जाएंगी। पानीपत डिपो पर कुल 157 बसें रनिंग में है, जिनमें से 10 फीसदी बसें वार्कशाप में खड़ी है। ऐसे में यात्री सहयोग करें।
- रामकुमार, रोडवेज महाप्रबंधक पानीपत।