निशुल्क दी जाएगी नाम ट्रांसफर की सुविधा
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। बिजली कनेक्शन में नाम ट्रांसफर (नेम चेंज) के लिए कंज्यूमर से कोई फीस नहीं ली जाएगी। निगम की ओर से नेम चेंज की प्रक्रिया को आसान बना दिया गया है। अब वे फ्री में कनेक्शन अपने नाम ट्रांसफर करा सकेंगे। अभी तक डोमेस्टिक के लिए 750 और नॉन डोमेस्टिक कनेक्शन श्रेणी के लिए 1000 रुपये प्रति किलोवॉट के हिसाब से राशि जमा कराई जाती थी। इंडस्ट्रियल कनेक्शन में तो यह राशि लाखों रुपये में पहुंच जाती थी। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। नेम चेंज कलेक्शन प्रक्रिया में एडवांस करप्शन डिपोजिट नहीं लिया जाएगा। बिजली निगम के पास हर माह दो से ढाई हजार ऐसी फाइलें आती हैं।
घर बैठे करवा सकेंगे नेम चेंज:
बिजली निगम ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए प्रक्रिया शुरू की है। इसके अलावा कनेक्शन ट्रांसफर कराने के लिए कंज्यूमर को अब बिजली दफ्तर के चक्कर काटने की जरूरत नहीं है। वे घर बैठे ही कनेक्शन अपने नाम करा सकेंगे। निगम की ओर से यह सुविधा ऑनलाइन दी गई है। मेन्यूअली सिस्टम को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। अब ऐसे में कंज्यूमर घर
बैठे नेम चेंज के लिए एप्लाई कर सकेंगे। इसकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी होगी। अधिकारियों को निर्धारित समय के अंदर नेम चेंज की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
नहीं भरनी पड़ेगी एसीडी:
अब दूसरे के नाम कनेक्शन कराने पर किसी भी प्रकार का शुल्क उपभोक्ता को नहीं भरना पड़ेगा। केवल 7 दिन में ही काम पूरा कर दूसरे के नाम कर दिया जाएगा। पहले दूसरे के नाम कनेक्शन कराने के लिए घरेलू कनेक्शन की श्रेणी में 750 रुपए और गैर घरेलू कनेक्शन श्रेणी में 1 हजार प्रति किलोवाट के हिसाब से राशि जमाई जाती थी। इंडस्ट्रियल कनेक्शन में तो यह राशि लाखों रुपये में पहुंच जाती है।
ज्यादा डॉक्यमेंट का झंझट खत्म:
इसके अलावा निगम की ओर से नेम चेंज की प्रक्रिया में अधिक डॉक्यूमेंट के लिए झंझट को भी खत्म कर दिया गया है। अब अगर कनेक्शन बेटे के नाम कराना है तो आवेदन फार्म के साथ सिर्फ पिता का मृत्यु प्रमाण पत्र व दोनों के रिश्ते को दर्शाने वाला प्रमाण पत्र लगाना होगा। अगर कोई व्यक्ति किसी प्रॉपर्टी को खरीद चुका है अब स्थान पर विक्रेता के बजाए खरीदने वाले को बिजली कनेक्शन अपने नाम काना है तो सिर्फ बेचने वाले की एनओसी देनी होगी। उसके बाद कनेक्शन बदल दिया जाएगा।
लोगों को इससे काफी सुविधा होगी, अब दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे: मान
नाम चेंज के लिए अब लोगों को चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। उपभोक्ता अब ऑनलाइन अप्लाई कर सकेंगे। ये सेवा बिल्कुल निशुल्क है।
बीएस मान, एसई बिजली निगम पानीपत।