सनौली। यमुना में हथिनीकुंड बैराज से मंगलवार को 69290 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह पानी बुधवार दोपहर तक पानीपत की सीमा में पहुंच जाएगा। इससे यमुना में फिर से जलस्तर बढ़ जाएगा। यमुना में फिलहाल पानी 229.30 मीटर पर है। चेतावनी का निशान 231.00 और खतरे का निशान 231.50 मीटर पर है। खोजकीपुर गांव में मंगलवार को कटाव बंद करने का काम शुरू किया गया, जबकि नवादा-आर गांव में कटाव बंद नहीं हो पाया है। यमुना में और पानी छोड़ने पर किसानों व ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।
यमुना में तीन दिन से जलस्तर 229.30 मीटर के आसपास बह रहा है। यमुना के साथ लगते तीन गांवों नवादा-आर, खोजकीपुर व हथवाला के पास भूमि कटाव बना हुआ है। खोजकीपुर गांव सोमवार को कटाव बंद करने का काम शुरू नहीं हो पाया था। इसे मंगलवार को शुरू कराया। जबकि नवादा-आर और हथवाला गांव में कटाव बंद नहीं किया जा सका है। इन सबके चलते यमुना खादर क्षेत्र के 12 गांवों के किसानों की चिंता बनी हुई है। केंद्रीय जल बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार दोपहर बाद तीन बजे 69290 क्यूसेक मीटर पानी यमुना में हथिनीकुंड बैराज से छोड़ा है। जो बुधवार दोपहर बाद पानीपत सीमा में पहुंच जाएगा। ड्रेनेज विभाग के अधिकारी प्रवीन कुमार ने बताया कि यमुना में पानी छोड़ने पर आगे नजर रखी जा रही है।
किसान रण सिंह और अमरनाथ ने बताया कि नवादा-आर और हथवाला गांव में कटाव बंद नहीं हो पाया है। यहां पांच दिन से काम बंद है। अब यमुना में फिर पानी बढ़ जाएगा। ऐसे में कटाव और बढ़ सकता है। सिंचाई विभाग को समय रहते पुख्ता प्रबंध कर लेने चाहिए थे।
यमुना बहाव को रोकने केलिए किनारे पर मिट्टी के कट्टे रखते मजदूर। संवाद