रेलवे रोड स्थित ताऊ देवी लाल कांप्लेक्स के बाहर बेटे के साथ लेटी 65 वर्षीय महिला पर नशे में धुत कार चालक ने कार चढ़ा दी। बेटे ने घायल मां को सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। वह वहां उपचाराधीन है। वहीं शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी कार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सोनू पुत्र मांगे राम निवासी गांव आट्टा ने बताया कि वह हाल ही में ताऊ देवीलाल कांपलेक्स के पास रहता है। वह मेहनत मजदूरी करता है। उसकी मां चंद्रकांता भी उसके साथ रहती है। शुक्रवार रात नौ बजे वह अपनी मां के साथ जमीन में कपड़ा बिछाकर लेटा था। इसी बीच एक आरोपी कार चालक तेज रफ्तार में आया और मां के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। गाड़ी कुछ दूरी पर जाकर रुकी व वह कार चालक के पास पहुंचा तो आरोपी कार चालक नशे में था। गाड़ी चालक ने अपना नाम सुनील पुत्र सुरेंद्र निवासी गांव बिंझौल के रुप में बताई।