मतलौडा। मतलौडा के दरियापुर गांव में बस्ती के अंदर दलदल से भरा पड़ा आधा एकड़ का तालाब ग्रामीणों के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। बारिश के दिनों में यहां पास पड़ोस का गंदा पानी इकट्ठा हो जाता है। लोग भी अपने घरों से कूड़ा यहीं पर डालते हैं। जिससे यहां दलदल बनी रहती है। मच्छरों के कारण गांव में मलेरिया फैल जाता है।
रामकिशन नम्बरदार, मुन्नीराम, रोशनलाल समिति सदस्य ने बताया कि इस तालाब में गंदगी के कारण लोग वर्षों से बड़े दुखी हैं। लोगों की यह वर्षों पुरानी समस्या है। इस तालाब पर लोगों ने अवैध कब्जे भी किए हुए हैं। बस्ती के अंदर होने के कारण लोग इसकी खुदाई भी नहीं करवाना चाहते, क्योंकि यहां तालाब का होना खतरे से खाली नहीं है। ग्राम सभा में भी लोगों ने तालाब की जगह पार्क बनवाना पास किया हुआ है। लेकिन प्रशासन की बिना इजाजत के ग्राम पंचायत अपने स्तर पर तालाब की जगह पार्क नहीं बनवा सकती। उन्होंने कहा कि राजनेताओं व तत्कालीन उपायुक्त को भी कई बार शिकायत पत्र देकर यहां तालाब को बंद करने और पार्क बनवाने की अनुमति मांगी गई। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोग हर बार मायूस होकर बैठ जाते हैं।
इस संबंध में ग्राम सरपंच रामफल सैणी ने कहा कि ग्रामीणों की यह सबसे बड़ी और पुरानी समस्या है। यहां पर पार्क बनवाने के लिए कई बार डीसी को पत्र दे चुके हैं। अब दोबारा डीसी को अपना मांग पत्र देंगे।