इसराना में आढ़तियों ने ई ट्रेडिंग प्रणाली के खिलाफ प्रदर्शन कर की सरकार के खिलाफ नारेबाजी
इसराना। हरियाणा स्टेट अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के तत्वाधान में प्रदेश भर में ई-ट्रेडिंग सहित सरकार द्वारा फसल खरीद को लेकर अपनाई जा रही प्रणाली का विरोध इसराना में भी शुरू हो गया है। इसराना की नई अनाज मंडी में बुधवार को एक किसान अपनी गेहूं की फसल से भरी ट्राली लेकर पहुंचा। इधर किसान अपनी फसल के खरीददार की इंतजार करता रहा वहीं इसराना आढ़ती एसोसिएशन ने नई अनाज मंडी में मार्केट कमेटी कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जम कर नारे बाजी कर ई-ट्रेडिंग प्रणाली पर विरोध जताया।
प्रदर्शन की अगुवाई करते हुए एसोसिएशन के उप प्रधान कुलदीप मलिक ने बताया कि प्रदेश सरकार ई ट्रेडिंग प्रणाली लागू कर आढ़तियों व किसानों के बीच खाई पैदा कराना चाहती है। सरकार किसानों की फसल अपने कर्मियों के माध्यम से खरीदना चाहती है जिससे आढ़ती बर्बाद हो जाऐंगे व किसानों के लिए भी फसल बेचने से लेकर भुगतान की समस्या पैदा हो जाएगी। एसोसिएशन ने फैसला लिया है कि सरकार ने उनकी मांगे नहीं मानी तो लोक सभा चुनाव के साथ साथ आने वाले विधान सभा चुनाव में सरकार का विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ई ट्रेडिंग ऑनलाइन खरीद को बंद करवाये। जब तक सरकार इस फैसले को वापस नहीं लेती तब तक मंडी के अंदर गेहूं की खरीद नहीं होगी। इस मौके पर सुरेंद्र सिंह, जयकरण, भूपेंद्र सिंह, कुलदीप मलिक, वेद प्रकाश गोयल, रामशरण, पालेराम, रवींद्र सिंह, विकास कुमार, बिरेंद्र सिंह व प्रवीन कुमार मौजूद रहे।