अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
इंसार बाजार व आसपास एरिया में पिछले छह माह में चोरी की सौ के करीब वारदात होने के बाद व्यापारियों ने आगे आकर अलग से संयुक्त व्यापार मंडल गठित कर लिया है। इसमें मंडल के पांच में से तीन संस्थापक सदस्यों समेत इंसार बाजार की 14 एसोसिएशन के प्रधान आगे आए हैं। उन्होंने संयुक्त व्यापार मंडल की बाजार में चोरी व हमला होने की दूसरी वारदातों के बाद भी चुप्पी साधने का आरोप लगाया है। ऐसे में व्यापारियों के बीच पिछले छह माह से अंदरखाते चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है।
शहर के बाजारों के प्रधानों ने मंगलवार को इंसार बाजार स्थित एक होटल में संयुक्त व्यापार मंडल के संस्थापक सदस्य सुनील अरोड़ा की अध्यक्षता में मीटिंग की। जिसमें शहर के 36 बाजार एसोसिएशनों के प्रधानों में से 14 के प्रधान शामिल हुए। सुनील अरोड़ा ने कहा कि संयुक्त व्यापार मंडल की स्थापना करीब 14 साल पहले पांच सदस्यों ने स्थापना की थी। व्यापारियों ने मंडल के बैनर तले सर्वसम्मति से काम करने का फैसला लिया था। वह शुरू से ही चुनाव के अध्यक्ष रहे हैं। छह माह पहले उनकी अध्यक्षता में हुए चुनाव में काफी खींचतान हुई थी। प्रधान पद के तीनों प्रत्याशी वोटिंग की बात कह रहे थे, लेकिन उन्होंने सबको समझाया। जिसके बाद अनिल मदान को प्रधान नियुक्त किया। यहां पर बैठक में बाकी कार्यकारिणी को सहमति के साथ बनाने का फैसला लिया था, लेकिन सभी बाजारों को खुश करने के लिए 36 पदाधिकारी घोषित कर दिए।
व्यापारियों की समस्याओं का नहीं हो पा रहा समाधान
संस्थापक सदस्य सुरेश बवेजा ने कहा कि बाजार में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। लेकिन संयुक्त व्यापार मंडल द्वारा व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। पहले व्यापारियों की हर समस्या के समाधान को लेकर प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर चर्चा की जाती थी। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी समस्याओं का समाधान भी करते थे।
बाजार में लगातार बढ़ रही चोरी व हमले की वारदात
संस्थापक सदस्य मुल्लकराज मक्कड़ ने कहा कि इंसार बाजार समेत शहर के अन्य बाजारों की दुकानों में चोरी व दुकानदारों पर हमले की वारदात लगातार बढ़ रही हैं। पिछले छह माह में चोरी की करीब सौ वारदात हो चुकी हैं, लेकिन संयुक्त व्यापार मंडल द्वारा किसी तरह से अगुवाई नहीं की जा रही। ऐसे में नेतृत्व बदलने की जरूरत पड़ी।
नए साल पर बाजार में होगा नया मंडल
सर्राफा बाजार एसोसिएशन के प्रधान राजेश सूरी ने बताया कि शहर व्यापारी संयुक्त व्यापार मंडल की अनदेखी से नाखुश हैं। वे अब नेतृत्व परिवर्तन करना चाहते हैं। शहर के 14 बाजारों प्रधान सामने आ गए हैं और नए साल तक बाकी भी साथ खड़े होंगे। सभी बाजारों के प्रधान मिलकर नए साल में नई कार्यकारिणी का गठन करेंगे। उन्होंने कहा कि संयुक्त व्यापार मंडल में पहले 31 बाजार आते थे, लेकिन नए प्रधान ने पांच और बाजारों को इसमें शामिल कर दिया।
व्यापारियों की फूट से यहां समझें
फूट कितनी बड़ी होती है। यह बात संयुक्त व्यापार मंडल के सदस्यों के बीच आई फूट से देखने को मिलता है। संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान व सदस्यों ने अक्टूबर माह में डीसी से मिलकर लाइट व जाम नालों की समस्या रखी थी। डीसी ने तत्कालीन कमिश्नर को आदेश देकर समस्या समाधान के आदेश दिए थे और नवंबर माह में खुद इंस्पेक्शन करने का भरोसा दिया था। इसके बाद व्यापारी भी भूल गए और प्रशासनिक अधिकारियों को भी दौरा करना ध्यान नहीं रहा। बाजार में आज भी समस्याओं का अंबार लगा हुआ है।
बाजार में चोरी व हमलों की तीन बड़ी वारदात
चोरी एक
इंसार बाजार पुरानी कचहरी बाजार स्थित धनलक्ष्मी ज्वेलरी शोरूम में तीन दिन पहले दीवार तोड़कर चोरी कर ली थी। चोर डीवीआर तक चोरी कर ले गए थे और सीसीटीवी कैमरों को तोड़ गए थे। थाना शहर पुलिस ने शोरूम मालिक राजू के बयान पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
चोरी -दो
पालिका बाजार स्थित इलेक्ट्रानिक्स के एक शोरूम का पिछले सप्ताह शटर तोड़कर दो एलईडी व मोबाइल चोरी कर ले गए थे। अखबारों की गाड़ियों की लाइट पड़ने पर चोरी अपनी गाड़ी में सवार होकर फरार हो गए थे। थाना शहर पुलिस ने इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया था।
हमला -एक
रेलवे रोड स्थित इलेक्ट्रानिक्स दुकानदार बिंदू पर चार दिन पहले कुछ लोगों ने हमला कर दिया था और उसकी दुकान से हजारों की नकदी व एलईडी चोरी कर ले गए थे। दुकानदार बिंदू को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया था। थाना शहर पुलिस ने इसमें बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी थी।
--
बैठक में ये प्रधान हुए शामिल आठ मरला चौक के प्रधान एवं निगम पार्षद सुनील वर्मा, स्वर्णकार सभा पानीपत के प्रधान संजय वर्मा, न्यू पचरंग बाजार के प्रधान कविराज अरोड़ा, महाबीर बाजार लैय्या स्कूल के प्रधान लक्की मेहता, इंसार बाजार पुराना कचहरी बाजार के प्रधान सुनील अरोड़ा, इंसार बाजार के प्रधान मुल्लराज मक्कड़, गीता मंदिर रोड ट्रेडर्स वेलफेयर के प्रधान योगेश अरोड़ा, मैन बाजार ट्रेड्र्स यूनियन के प्रधान निशांत सोनी, असंध रोड दुकानदार वेलफेयर के प्रधान जीत सिंह, सर्राफा बाजार के प्रधान राजेश सूरी, सुभाष बाजार ट्रेड्र्स यूनियन के प्रधान राजीव सोनी, महाबीर बाजार के प्रधान इंद्रजीत कथूरिया, गुरुद्वारा मार्केट के प्रधान सुरेश बवेजा व मैन बाजार के प्रधान मनीष सडाना मुरली मौजूद रहे। इन सबके पास संयुक्त व्यापार मंडल में पद भी हैं और इनमें आठ लोग अपने पदों से इस्तीफा भी दे चुके हैं। लेकिन इनका इस्तीफा अब तक स्वीकार नहीं किया गया है।
--
वर्जन
मुझे कुछ बाजारों के प्रधानों द्वारा बैठक करने की जानकारी मिली है, लेकिन मुझे आज तक उनकी नाराजगी का पता नहीं चला है। मैं बाजारों के प्रधानों के बुलाने पर हर सुख व दुख में उनके साथ खड़ा होता हूं। उनकी मांगों को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से भी मिला जाता है। मैं प्रधान होने के नाते सबको साथ लेकर चल रहा हूं।
-अनिल मदान, प्रधान, संयुक्त व्यापार मंडल पानीपत।
--जगमहेंद्र--