पानीपत। सेक्टर 13-17 थानाक्षेत्र के एक गांव में खेल रही साढ़े पांच साल की बच्ची को जबरदस्ती मंदिर में ले जाकर उसके साथ छेड़छाड़ करने वाले एक बुजुर्ग को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। बच्ची को उसके चंगुल से छुड़ाकर पुलिस बुलाई और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी बच्ची के ही गांव का रहने वाला निकला।
सेक्टर 13-17 थाने की पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने बताया कि उसकी साढ़े पांच साल की एक बेटी है, जो शुक्रवार को गांव में ही स्थित रविदास मंदिर के पास खेल रही थी। उसी समय गांव निवासी 60 वर्षीय कर्मबीर आया और बेटी को जबरदस्ती पकड़ कर मंदिर के अंदर ले गया। जहां पर उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। बच्ची ने शोर ने मचाया तो पड़ोस की महिलाएं और युवक मंदिर के अंदर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया और मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इस पर सेक्टर 13-17 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शनिवार को आरोपी का सामान्य अस्पताल में मेडिकल कराकर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया।