पानीपत। जिला सचिवालय स्थित सभागार में सोमवार को जनता समाधान शिविर लगाया गया। जिसमें 60 शिकायतें पहुंची। जिनमें से कई पर तत्काल कार्रवाई शुरू की। शिविर में सीईओ जिला परिषद डॉ. किरण ने शिकायतों के समाधान के लिए समीक्षा की। नगराधीश टीनू पोसवाल ने कहा कि शिविर का मकसद सिर्फ शिकायत सुनना नहीं बल्कि समाधान सुनिश्चित करना है। पल्हेड़ी गांव के दयाराम ने गांव की गली का लेवल ठीक करने के लिए प्रशासन से अनुरोध किया। शिकायतकर्ता संजू ने फैमिली आईडी से वाहन हटवाने के लिए और जयपाल ने बिजली का बिल ठीक करवाने के लिए प्रशासन से प्रार्थना की। यशपाल ने जीटी रोड के दोनों तरफ मूंगफली बेचने वालों पर कार्रवाई करने के लिए प्रशासन को अवगत कराया। गूगा मेड़ी कॉलोनी से राम नगर के नागरिकों ने कॉलोनी में अवैध तरीके से चल रही मांस की दुकानों को हटवाने के लिए कानूनी कार्रवाई करने के लिए प्रशासन को प्रार्थना पत्र दिया। इस अवसर पर एसडीओ सूबे सिंह, एसडीईओ विरेंदर दहिया, सहायक कार्यकारी अभियंता सुधीर, प्रशिक्षक सुषमा, पुलिस शिकायत अधिकारी सुरेश, नोडल अधिकारी संजीव शर्मा व जोगिंदर उपस्थित रहे। संवाद