जिले में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के लिए सबसे बड़ी समस्या लोगों के कम सैंपल हैं। हर रोज औसतन 350-400 सैंपल लिए जा रहे हैं। जबकि करनाल, सोनीपत, फरीदाबाद, गुरूग्राम, अंबाला में हर रोज औसतन 1000-1300 सैंपल लिए जा रहे हैं। पानीपत में अब तक जनसंख्या का मात्र 20 प्रतिशत लोगों के सैंपल लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 30599 हजार लोगों के सैंपल लिए हैं। इनमें से 10 प्रतिशत लोगों कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं, जबकि करनाल, सोनीपत, गुरूग्राम, फरीदाबाद और अंबाला में 55 हजार से अधिक सैंपल लिए जा चुके हैं। एक्टिव केस के मामले में पानीपत प्रदेश में पहले स्थान पर है। जब तक पानीपत में कोरोना टेस्टिंग लैब नहीं खुलती तब तक कोरोना को कंट्रोल करना काफी मुश्किल है। अगस्त माह में कोरोना से 30 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अब तक 45 लोग कोरोना से हार चुके हैं। इनमें 22 महिलाएं भी शामिल है। शुक्रवार को जिले में कोरोना के 58 नए केस सामने आए हैं। 112 लोगों को शुक्रवार को डिस्चार्ज किया गया। जिले में अब कोरोना के रोगियों की संख्या 3470 हो चुकी है।
कोरोना के हिसाब से अगस्त रहा सबसे भयावह
जिले में अब तेजी से कोरोना संक्रमण फैल रहा है। अप्रैल माह में 0.2 प्रतिशत रिपोर्ट पॉजिटिव मिल रही थी। मई माह में ये 1 प्रतिशत हो गई। जून माह में पांच प्रतिशत, जुलाई में 15 प्रतिशत और अगस्त माह में ये बढ़कर 35-40 प्रतिशत हो चुकी है। इस माह में अब तक कोरोना से 30 लोगों की मौत हो चुकी है। इस माह में कोरोना से 2256 केस सामने आए हैं। हर रोज औसतन लोगों का ठीक होने का रेसो भी तेजी से बढ़ा है। अप्रैल में जहां रोगी औसतन 13 से 15 दिन में कोरोना को हराकर घर लौट रहे थे। अब रोगी महज पांच दिन में ही कोरोना को हराकर घर लौट रहे हैं। अब डॉक्टर दूसरा सैंपल दूसरे दिन और तीसरा सैंपल चौथे दिन ले रहे हैं। अगर ये दोनों रिपोर्ट नेगेटिव मिलती है तो मरीजों को डिस्चार्ज कर दिया जाता है। जिले में अब तक 45 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। इनमें से 30 लोगों की मौत अगस्त में ही हुई है।
रेडियोलोजिस्ट कोरोना संक्रमित, अल्ट्रासाउंड बंद
सिविल अस्पताल के रेडियोलोजिस्ट डॉ. राजीव मान को कोरोना हो चुका है। उनको घर पर आइसोलेट किया गया है। जहां उनका ईलाज चल रहा है। उनके ठीक होने तक अस्पताल प्रबंधन ने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड पर रोक लगा दी है, क्योंकि अस्पताल में मात्र एक रेडियोलोजिस्ट ही है। ऐसे में हर रोज 30-50 गर्भवतियों को बिना अल्ट्रासाउंड के घर लौटना पड़ रहा है।
ये मिले नए कोरोना कोरोना रोगी
सीएमओ डॉ. संतलाल वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को जिला में 58 केस पोजिटिव मिले हैं। वहीं 112 केस डिस्चार्ज किए गए हैं। पोजिटिव केसों में शिवनगर, सेक्टर 25, शांति नगर, एलडिको, नारायण सिंह पार्क, लतीफ गार्डन, गवालड़ा, सेक्टर 11-12, तहसील कैंप, शिव नगर, बाबरपुर, विकास नगर, ददलाना, माडल टाउन, पटेल नगर, बिचपड़ी, सेक्टर 18, अंसल, गंगाराम कालौनी, समालखा आदर्श नगर, नारायणा गांव, ताजपुर, उग्रा खेड़ी, बांध, खण्डरा व मडलौडा से पोजिटिव रिपोर्ट मिली है। उन्होंने बताया कि जिला में कोविड 19 के कुल 30599 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 26486 की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई है। अभी तक 1650 के परिणाम प्राप्त नहीं हुए है। शुक्र वार को 1332 सैम्पल लिए गए हैं। अभी तक पानीपत में कुल 3470 केस में से 1119 एक्टिव और 2306 रिकवर किए गए हैं। अभी तक 45 मौतें हो चुकी हैं।