पानीपत। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने ट्रक से शराब की बड़ी खेप बरामद की है। ट्रक चालक लकड़ी के नीचे अंग्रेजी शराब की 550 पेट्टियां छुपाकर अवैध रूप से तस्करी के लिए राजस्थान लेकर जा रहे थे। पुलिस ने शराब बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि वो सिवाह के पास गश्त पर थे। उन्हें सूचना मिली कि एक ट्रक में अवैध रूप से शराब ले जाई जा रही है। उन्होंने सिवाह निर्माणाधीन बस स्टेंड के पास नाका लगाया। उन्हें राजस्थान नंबर का एक ट्रक आता दिखाई दिया। उन्होंने ट्रक को रुकने का इशारा किया। चालक ने ट्रक को लापरवाही से वापस मोड़ लिया और तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया। उन्होंने दो किलोमीटर दूर बीबीएमबी के सामने ट्रक को पकड़ा। ट्रक चालक और उसके साथी को हिरासत में लिया। ट्रक चालक ने अपना नाम पता मैनपाल पुत्र महासिंह निवासी गांव उदेशीपुर, सोनीपत उसके साथी ने अपना नाम सागर पुत्र अजीत निवासी नमस्ते चौंक, गन्नौर जिला सोनीपत बताया। उन्होंने ट्रक चालक से कागज मांगे तो उन्होंने लकड़ी के दो बिल दिए। उन्होंने ट्रक की तलाशी की तो लकड़ी के नीचे शराब की खेप मिली। इसमें अंग्रेजी शराब की 550 पेट्टियां मिली। पूछताछ में पता चला कि ये शराब अवैध रूप से राजस्थान ले जाई जा रही थी। पुलिस मामले में बड़े शराब माफियाओं की धरपकड़ में जुट गई है।