समालखा। शहर की अनाज मंडी में गेहूं की आवक भले ही कम हो गई हो, लेकिन उठान नहीं होने के चलते भारी परेशानी हो रही है। उठान को लेकर मार्केट कमेटी के सचिव पवन कुमार ने खरीद एजेंसियों को नोटिस भी जारी किया है। इसके बावजूद भी समस्या का हल नहीं हुआ है। सचिव ने बताया कि अब तक मंडी में 718578 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है। जिसमें खाद्य आपूर्ति विभाग ने 321155 क्विंटल, हैफेड ने 333146 क्विंटल, वेयर हाउस ने 64277 क्विंटल गेहूं खरीदा है। उठान महज 2 लाख 60 हजार क्विंटल हुआ है। जिससे मंडी गेहूं से भरी हुई है। उधर, खातों में पैसे नहीं आने को लेकर आढ़ती काफी परेशान है। आढ़तियों को किसान की पेमेंट देने में परेशानी हो रही है। जिसके चलते बाजार भी सुनसान नजर आ रहे हैं। ज्ञात रहे कि समालखा शहर ग्रामीण क्षेत्र होने के कारण अधिकतर खरीदारी किसान वर्ग ही करता है। किसान का पैसा जब बाजार में आता है तो काम में भी बढ़ोतरी होती है। हाल में बाजार में भी रौनक कम है।