आक्रोशित लोगों ने शिक्षा विभाग की निकाली शव यात्रा
पानीपत। 134 ए के तहत मंगलवार को ड्रॉ नहीं निकलने और तारीख बढ़ाकर 29 अप्रैल करने पर अभिभावकों का गुस्सा फूट गया। बीइओ कार्यालय में हंगामा किया। जीटी रोड पर आकर शिक्षा विभाग की शव यात्रा निकाली। सेठी चौक स्थित गुरुद्वारे में पहुंच भाजपा विधायक रोहिता रेवड़ी, सुरेंद्र रेवड़ी, लोकसभा प्रत्याशी संजय भाटिया को शिक्षा विभाग की करतूत से अवगत कराया। उन्होंने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद अभिभावक शांत हुए।
एक अप्रैल से स्कूल खुलने के बाद भी 134ए के तहत दाखिले की प्रक्रिया शुरू नहीं किए जाने को लेकर अभिभावकों में पहले से ही काफी रोष है।19 अप्रैल को ड्रॉ निकाला जाना था लेकिन शिक्षा विभाग ने तारीख बढ़ाकर 23 अप्रैल कर दी। इसके चलते मंगलवार सुबह नौ बजे से ही अभिभावकों का जीटी रोड स्थित बीईओ ऑफिस में पहुंचना शुरू हो गया। सुबह करीब साढ़े 10 बजे अधिकारियों ने बताया कि ड्रा अब 29 अप्रैल को निकाला जाएगा। यह सुन अभिभावकों का गुस्सा सांतवे आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने नारेबाजी करना शुरू कर दिया। 2 जमा 5 मुद्दे जन आंदोलन संगठन के जिलाध्यक्ष सोकेंद्र बालियान और जोन प्रभारी दलबीर सिंह भोंसले के नेतृत्व में जीटी रोड पर शिक्षा विभाग की शव यात्रा निकाली। संजय चौक पर आकर चिता को फूंक दिया। वहां से अभिभावक पहले सेक्टर- 11 स्थित विधायक रोहिता रेवड़ी के कार्यालय में पहुंचे लेकिन वहां उनसे मुलाकात नहीं होे सकी। इसके बाद वह सेठी चौक, सनौली रोड स्थित गुरूद्वारे में आ गए। वहां भाजपा नेता सुरेंद्र रेवड़ी, लोकसभा प्रत्याशी संजय भाटिया के पहुंचने की सूचना उन्हें मिल गई थी।
दो घंटे के इंतजार के बाद मिला आश्वासन : भाजपा नेताओं के पहुंचने में देरी होने पर अभिभावक वहीं जमे रहे। दो घंटे के इंतजार के बाद विधायक रोहिता रेवड़ी, सुरेंद्र रेवड़ी, संजय भाटिया, प्रमोद विज पहुंच गए। समस्या को सुन संजय भाटिया ने सीएम के ओएसडी को कॉल कर तत्काल ही मामले से अवगत कराया। आश्वासन दिलाया कि वह इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल और शिक्षा विभाग के अधिकारियों से बात करेंगे। जल्द से जल्द दाखिले की प्रक्रिया शुरू करा देंगे।
मैं अपने 3 साल के बच्चे को घर पर अकेला छोड़ कर आई हूं। मेरे पति सब्जी बेचते हैं। मुझे अपने बड़े बेटे का चौथी कक्षा में एडमिशन दिलवाना है। जिसके लिए मैं अपनी मजदूरी छोड़कर 5 दिनों से धक्के खा रही हूं। लेकिन कोई भी साफ तौर पर इस बारे में कुछ बताने को तैयार नहीं है।
- बबीता, शांति नगर निवासी
मेरे दो बच्चे हैं। जिनमें से बड़े का एडमिशन छठी और छोटे का एडमिशन चौथी कक्षा में करवाना है। लेकिन बच्चों को एडमिशन के नाम पर सिर्फ आंसू दिए जा रहे हैं। परिजन भी निरंतर धक्के खा रहे हैं। अगर सरकार निजी स्कूल जैसी सभी मूलभूत सुविधाएं सरकारी स्कूल में देे, तो कोई भी इस 134-ए के चक्कर में न पड़े।
- अमित कुमार, न्यू सब्जीमंडी निवासी
क्रॉस वेरिफिकेशन में हो रही है देरी, इसलिए नहीं हो सका है ड्रॉ: डीईओ
यह पूरी प्रक्रिया पंचकूला स्थित शिक्षा विभाग के मुख्यालय से ही मॉनीटर की जा रही है। क्रॉस वेरिफिकेशन में देरी हो रही है। इसलिए ड्रॉ नहीं निकाला जा सका है।
- बिजेंद्र नरवाल, जिला शिक्षा अधिकारी