साक्षी मलिक भी लेगी ईनामी कुश्ती प्रतियोगिता में भाग, प्रशासन तैयारियों में जुटा , डीसी ने दिए दिशा निर्देश
सेक्टर 13-17 के मैदान में आयोजित अखिल भारतीय फ्री स्टाइल ईनामी कुश्ती प्रतियोगिता की तैयारियों का जायजा लेने के लिए हरियाणा युवा कल्याण एवं खेल विभाग के प्रधान सचिव आनंद मोहन शरण व हरियाणा युवा कल्याण एवं खेल विभाग के निदेशक भूपेंद्र सिंह और उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कुश्ती प्रतियोगिता स्थल का दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ जिला के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी मौजूद रही। हरियाणा युवा कल्याण एवं खेल विभाग के प्रधान सचिव आनंद मोहन शरण ने समारोह स्थल का दौरा करने के बाद समारोह स्थल पर ही अधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व और गौरव का विषय है कि पानीपत में पहली बार इतना बड़ा राष्ट्रीय स्तर की फ्री स्टाइल ईनामी कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। यह प्रत्येक हरियाणवी के लिए आन-बान और शान की बात है। इस प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार एक करोड़ रुपये दिया जाएगे।
उन्होंने कहा कि इस दंगल में अंतरराष्ट्रीय स्तर के महिला व पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। इस प्रतियोगिता में 8 टीमें भाग लेगी। प्रत्येक टीम में 10 खिलाड़ी शामिल होंगे। इस फ्री स्टाईल ईनामी कुश्ती प्रतियोगिता में बड़े पैमाने पर दर्शकों को बैठाने की व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता स्थल पर 3 मुख्य द्वार बनाए गए हैं। इसे 9 सेक्टरों में बांटा गया है। 6 सेक्टर आमजन के लिए तथा एक सेक्टर खिलाड़ियों के लिए और एक सेक्टर मीडिया के लिए बनाया गया है। इस प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों का चयन कर लिया गया है। हरियाणा की टीम में पुरुष वर्ग में 57 किलोग्राम में रवि कुमार, 65 किलोग्राम में रजनीश, 74 किलोग्राम में अमित धनखड़, 86 किलोग्राम में दीपक पुनिया और 97 किलोग्राम वर्ग में मौसम खत्री को शामिल किया गया है।
इस प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अनूप, महाबीर और अवार्डी सुनील डबास के अलावा ओलंपिक विजेता साक्षी मलिक व सुमन कुंडू भी भाग लेंगी। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब और रेल विभाग के खिलाड़ी भी भाग ले रहे हैं। अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए है कि वे इस प्रतियोगिता की सभी तैयारियां 20 मार्च को बाद दोपहर 2 बजे तक हर हाल में पूरा करवाएं और उपायुक्त पानीपत स्वयं निरीक्षण करके तैयारियों की रिपोर्ट चंडीगढ़ मुख्यालय को भिजवाएं।
हरियाणा युवा कल्याण एवं खेल विभाग के निदेशक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा भारत का ऐसा प्रांत है, जहां प्राचीनकाल से ही खिलाड़ियों का सम्मानित स्थान रहा है। खेल प्रतियोगिता चाहे राष्ट्रीय स्तर की हो अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर की, सभी प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश-प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता को भव्य रूप प्रदान करने के लिए जो 17 कमेटियों का गठन किया गया था वे सभी समारोह स्थल का दौरा कर रही हैं और अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन कर रही हैं। इसी के आधार वे यह बात दावे के साथ कह सकती हैं कि यह प्रतियोगिता एक नया रिकार्ड कायम करेगी।