हरियाणा खिलाड़ियों का प्रदेश : पंवार
पानीपत। प्रदेश परिवहन मंत्री कृष्णलाल पंवार ने गांव लाखु बुआना में स्थित फैला उजियारा फाउंडेशन के तहत चलाई जा रही कुश्ती अकादमी में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। खिलाड़ियों को हौसले व उत्साह से अनुशासन में रह कर खेलना चाहिए। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि पिछले तीन वर्षो में अकादमी के नन्हे पहलवानों ने 400 मेडल जीतकर कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्हें खुशी है क यहां के पहलवान देश-प्रदेश में कुश्ती में आगे बढ़ रहे है। मंत्री पंवार ने बच्चों के साथ परिचय भी किया। मंत्री पंवार ने कहा कि भाजपा सरकार का प्रयास है कि हर बच्चे को खेल मैदान तक लाया जाये, वहीं हर बच्चे को खेल की बेहतर सुविधायें मिले। उन्होंने प्रदेश सरकार की खेल नीति का बखान करते हुये कहा कि दस हजार की आबादी वाले गांवों में स्टेडियम बनाये जा रहे है, प्रदेश सरकार का प्रयास है कि अधिकतर गांवों में व्यायामशालाओं का निर्माण हो, ताकि बच्चों को कसरत करने में कोई परेशानी न हो। इस अवसर पर रामधन, बिजे, कोच नरेंद्र मलिक, मा. अजमेर, योगेंद्र, अमरजीत, संदीप, कृष्ण पहलवान, कपिल, मा. बिजेंद्र, रोहताश, दलबीर आदि मौजूद थे।