भाजपा के दो मंडल उपाध्यक्ष और सचिव समेत छह निष्कासित
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। भाजपा जिलाध्यक्ष ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला का पुतला फूंकने वाले अपनी ही पार्टी के तहसील कैंप मंडल के दो उपाध्यक्ष व एक सचिव समेत छह पदाधिकारियों को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। सभी पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। जिलाध्यक्ष ने साफ किया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों को सहन नहीं किया जाएगा। जिलाध्यक्ष ने इनके खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियां चलाने के पुख्ता सबूत होने का दावा किया है। एक मंडल सचिव ने अपनी बातों को सबके सामने रखने की बात कही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने सोमवार शाम को तहसील कैंप मंडल उपाध्यक्ष सुखदेव सिंह, किसान मोर्चा के तहसील कैंप मंडल उपाध्यक्ष दिनेश सपरा, तहसील कैंप मंडल सचिव सुरेश नारंग, निगरानी कमेटी के सदस्य राजेंद्र जिंदी, मंडल कार्यकर्ता अशोक आनंद व सुभाश मनचंदा को निष्कासित कर दिया। जिलाध्यक्ष प्रमोद विज ने बताया कि ये पदाधिकारी लंबे समय से अनुशासनहीनता कर रहे थे। जिला कमेटी के पास इनके खिलाफ पुख्ता सबूत हैं और आला अधिकारियों के संज्ञान में पूरे मामले को डाला। उन्होंने उच्चाधिकारियों के निर्देश पर छह को निष्कासित किया है। विदित है कि चंडीगढ़ में एक आईएएस की लड़की के साथ छेड़छाड़ में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के बेटे का नाम सामने आया था। चंडीगढ़ पुलिस ने उनके लड़के विकास बराला व उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। एक सामाजिक संगठन के बैनर तले रविवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का पुतला फूंका गया था।