संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। सोमवार को चोरों ने बाजार में खरीदारी करने आए भोड़वाल माजरी गांव के प्रकाश को निशाना बनाया। रेलवे रोड पर बिजली की दुकान में खरीदारी कर रहे बुजुर्ग की जेब से दो युवकों ने 50 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
भोड़वाल माजरी के योगेश ने बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं और उनके पिता प्रकाश खेती-बाड़ी करते हैं। वे सोमवार को अपने पिता प्रकाश के साथ जीटी रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 50 हजार रुपये निकलवा कर लाए थे। उनके पिता एक डॉक्टर से दवा लेकर रेलवे रोड पर काठ मंडी के सामने बिजली की दुकान पर दिवाली के लिए खरीदारी कर रहे थे। उनके पीछे-पीछे दो युवक भी खरीदारी के बहाने दुकान में घुस गए। वे मौका पाकर उनके पिता के कुर्ते की जेब से 50 हजार रुपये निकाल कर भाग गए। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मुआयना किया।
सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। इसमें दो युवक दिखाई दे रहे हैं। पुलिस जल्द आरोपियों को पकड़ लेगी।
दीपक, प्रभारी, थाना पुलिस समालखा