संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। जिले के उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में करीब 500 विद्यार्थी रेमेडियल कोचिंग में पढ़ाई कर रहे हैं। इनकी परीक्षा 26 से 30 मई के बीच हरियाणा बोर्ड लेगा। यह सभी 9वीं और 11वीं के ऐसे विद्यार्थी हैं, जिन्हें वार्षिक परीक्षा में दो विषय में कम अंक आने से फेल न कर कंपार्टमेंट दिया था और अगली कक्षा में दाखिला दे दिया था, जिनकी अब परीक्षा ली जाएगी।
जिले में करीब 500 से ज्यादा छात्र ऐसे हैं, जो 9वीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षा में फेल हो गए थे। विभाग ने उन्हें फेल न करके कंपार्टमेंट रख दिया था। इन सभी विद्यार्थियों की विभाग की ओरसे रेमेडियल कोचिंग लगाई गई है। इनकी 26 से 30 मई के बीच परीक्षा होनी है। जिला शिक्षा अधिकारी नसीब सिंह ने बताया कि रेमेडियल कोचिंग उन छात्रों की अपनी-अपनी स्कूलों में आयोजित की गई है, जिनमें उसी स्कूल के संबंधित विषय के शिक्षक उन विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं।
हरियाणा शिक्षा बोर्ड ने यह नियम मॉडल संस्कृति स्कूलों पर भी लागू किया है। कंपार्टमेंट आने की वजह से रेमेडियल कोचिंग लेने वाले विद्यार्थियों के लिए 26 से 30 मई के बीच परीक्षा आयोजित की जानी है। अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए विभाग की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। विद्यार्थियों को बेहतर कोचिंग दी जा रही है।
विद्यार्थियों को इस तरह का अवसर प्रदान करने का मूल उद्देश्य स्कूल छोड़ने वाले बच्चों का प्रतिशत शून्य करना है। जिले में प्रति वर्ष 100 से ज्यादा छात्र परीक्षा में फेल होने पर पढ़ाई छोड़ देते हैं। इससे उनका कॅरिअर खत्म हो जाता है, इसलिए बोर्ड ने यह फैसला लिया है। इससे छात्रों कोपरीक्षा में पास कर पढ़ने का मौका दिया जाएगा और कंपार्टमेंट परीक्षा में पास कर छात्रों के कॅरिअर को बचाया जाएगा।
स्कूल छोड़ने वाले बच्चों के प्रतिशत को शून्य करने व ट्रांजिशन प्रतिशत में बढ़ोतरी करने के लिए 9वीं और 11वीं के विद्यार्थियों को एक विशेष अवसर प्रदान किया गया था। जो विद्यार्थी दो विषयों में फेल हो गए थे, उन्हें फेल न कर कंपार्टमेंट दिया गया था। उनके लिए रेमेडियल कोचिंग की व्यवस्था की हुई है जिनकी परीक्षा 26 से 30 मई के बीच आयोजित की जाएगी। - कुलदीप दहिया, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।