पानीपत। चांदनी बाग थाना क्षेत्र के धूप सिंह नगर में अटल सेवा केंद्र में घुसकर दो बदमाश केंद्र संचालिका प्रियंका से 50 हजार रुपये की नकदी छीनकर भाग गए। एक युवक ने पहले ऑनलाइन तीन हजार के बदले नकदी लेने की बात कही थी। जैसे ही उसने नकदी देने के लिए 50 हजार रुपये की गड्डी उठाई तो युवक हाथ से गड्डी छीनकर भाग गए। थाना चांदनी बाग की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
संजय चौक की प्रियंका ने चांदनी बाग थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका धूप सिंह नगर में अटल सेवा केंद्र है। जहां पर उसकी दोस्त किरण भी काम करती है। वीरवार शाम को करीब साढ़े छह बजे उसके पास दो युवक आए। एक युवक बाहर मोटरसाइकिल पर ही बैठा रहा। वहीं, एक युवक अंदर आया और कहा कि उसे तीन हजार रुपये नकदी दे दो, वह ऑनलाइन खाते में जमा कर देगा। जैसे ही किरण ने युवक को तीन हजार रुपये देने के लिए पैसे गिनने शुरू किए तो युवक उसके पास से 50 हजार रुपये छीनकर अपने साथी के साथ भाग गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। चांदनीबाग थाना प्रभारी संदीप ने बताया शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।