पानीपत। सरकारी स्कूलों में छात्र संख्या बढ़ाने के लिए शिक्षा रथ टीम लगातार ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर ड्राॅपआउट सर्वे कर रहे हैं। रविवार को छुट्टी के दिन भी शिक्षा रथ टीम ने ज्योति कालोनी में सर्वे किया। जिसमें 50 नए पंजीकरण किए गए। इन बच्चों का दाखिला शिक्षा रथ टीम बिचपड़ी सरकारी स्कूल और वाधवाराम कालोनी स्कूल में कराएगी। ये स्कूल ज्योति कालोनी के नजदीक हैं।
समिति अध्यक्षा सुधा झा ने बताया कि समिति पिछले सात साल से लगातार बाल-श्रम रोकथाम, बाल विवाह उन्मूलन, बाल यौन शौषण रोकथाम, बच्चों के अधिकार संरक्षण क्षेत्र में काम कर रही है। समिति सरकारी स्कूलों संग मिलकर स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, जागरुकता अभियान चलाए हुए वे लगातार सरकारी विद्यालयों के संपर्क में रहकर बच्चों के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। रविवार को उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, डीओसी हरिओम शिक्षा रथ टीम के संग मिलकर ड्रापआउट सर्वे किया जिसमें 50 ऐसे बच्चों को ढूंढा जो किसी स्कूल में नहीं पढ़ रहे। ऐसे बच्चों की लिस्ट बनाकर शिक्षा रथ टीम को सौंप दी गई।
जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा ने बताया कि बाल अधिकार सुरक्षा समिति ने सर्वे के दौरान जिन बच्चों की सूची सौंपी है, शिक्षा रथ टीम उन बच्चों को पास के सरकारी स्कूलों में पढ़ने के लिए दाखिल करवाएंगे जिससे हर बच्चा शिक्षित होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें सकें। पानीपत डीओसी हरिओम ने बताया कि डीईओ राकेश बूरा के मार्गदर्शन और नेतृत्व में जिले का 12वीं और 10वीं कक्षा का परिणाम शानदार आया है। पानीपत जिला शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश में नंबर वन पर जाएगा।