माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिला प्रशासन द्वारा वीरवार को जिला सचिवालय में जनता समाधान शिविर लगाया गया। जिसमें 47 शिकायतें दर्ज की। नगराधीश टीनू पोसवाल ने अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया और बाकी के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि जनता समाधान शिविर आम नागरिकों की समस्याओं को समझने और हल करने का प्रभावी मंच है। हम सभी शिकायतों को गंभीरता से ले रहे हैं। शिकायतकर्ता देवंती देवी ने बताया कि उनका राशन कार्ड कई महीने से बंद है। जिससे उनको परेशानी हो रही है। सुषमा ने बताया कि उनके दस्तावेज में जन्मतिथि गलत है। जिससे कई समस्याएं आ रही हैं। विनोद कुमार ने कहा कि उनकी बेटी गंभीर रूप से बीमार है और इलाज में बहुत खर्च हो रहा है। उन्होंने आर्थिक सहायता की मांग की। यशपाल ने जीटी रोड पर मूंगफली बेचने वालों की भट्ठियों से धुआं और प्रदूषण फैलने पर कार्रवाई की मांग की। इस मौके डॉ. ललित वर्मा, डीपीओ परमिंदर कौर व मत्स्य अधिकारी मदन मोहन मौजूद रहे।