पानीपत। सेक्टर पार्ट-2 निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट के मकान से चोर साढ़े चार किलोग्राम चांदी, 12 तोले सोना और करीब 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। चोरी की राशि करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है। सीए परिवार सहित 30 मार्च को मसूरी गया था। उनको मोबाइल पर सीसीटीवी कैमरे बंद मिले तो उन्होंने पड़ोसी को भेजा, तब घटना का पता चला। वह एक अप्रैल को पानीपत लौटे। सीसीटीवी कैमरे में साइकिल सवार तीन युवक संदेह के घेरे में हैं। वे तीनों साइकिल पर आए और चोरी के बाद साइकिल पर चले गए। एक चोर ने साइकिल चलाई, दूसरा पीछे बैठा और तीसरा आगे डंडे पर बैठा था। चांदनीबाग थाने की पुलिस ने इसमें चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सेक्टर 25 पार्ट-2 निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट शुभम ने बताया कि वह अपने परिवार सहित 30 मार्च को सुबह साढ़े सात बजे घर से मंसूरी घूमने के लिए गया था। मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे उसके फोन के साथ कनेक्ट है। उसने 30 मार्च की शाम पांच से छह बजे के बीच की फुटेज देखी तो सब ठीक था। बाहर बारिश होती नजर आ रही थी। रात नौ बजे उन्होंने दोबारा कैमरे देखे तो वह डिस्कनेक्ट मिले। उसने सोचा कि बारिश की वजह से लाइट चली गई होगी। उसने 31 मार्च को शाम पांच बजे अपने पड़ोसी वीके गुप्ता को फोन कर मकान के बारे में जानकारी ली। वीके गुप्ता ने मकान में जाकर देखा तो उनको ताला टूटा मिला। वह शनिवार को पानीपत पहुंचे और मकान का सामान बिखरा हुआ मिला। मकान से 20 हजार रुपये नकद, 4.5 किलो चांदी ( जिसमें लैम्न सैट, दो हटडी, दो सैट गणेश-लक्ष्मी, सिक्के,गिलास,प्लेट, राधा-कृष्ण), 12 तोले सोने के जेवरात चोरी मिले। चोर चोरी के बाद डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
शुभम ने बताया कि उन्हें मकान में एक सीढी मिली है। यह उनकी नहीं है। उन्होंने सीढी के बारे आस पड़ोस के पता किया तो वह एक पड़ोसी की मिली। चोरों ने उनके घर से सीढी उठाई और उसके बाद पीछे के रास्ते उनके मकान में घुसे। वह दूसरी मंजिल से सीढी लगाकर पहली मंजिल पर आए और लॉक तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन उनसे नहीं टूटा। इसके बाद सामने से मकान में घुसे और चोरी की घटना को अंजाम दिया।
शुभम के पिता पवन कुमार ने बताया कि चोरों को उनके घर की पूरी जानकारी थी। मकान में पांच कमरों में से केवल दो कमरों के ही लॉक तोड़कर सामान चोरी कर ले गए। आर्टिफिशियल ज्वेलरी घर ही छोड़ गए है। चोरों ने तसल्ली से मकान को खंगाला है। उन्होंने फुटेज देखी तो 31 मार्च की सुबह पांच बजे तीन लोग संदिग्ध जाते हुए दिखाई दिए। वह एक साइकिल पर सवार थे। उन्होंने मास्क लगा रखा था और सिर पर टोपी पहन रखी थी।
पुलिस इनसे कर सकती है पूछताछ
- मकान में काम करने वाली नौकरानी
- गली में 15 मकानों की सुरक्षा में तैनात चौकीदार
- पड़ोस में निर्माणाधीन मकान में तैनात किया गया चौकीदार
सेक्टर-25 स्थित सीए के मकान में चोरी होने की सूचना मिली है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही हैं। एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस वारदात का जल्द ही खुलासा कर देगी।
-प्रदीप कुमार, प्रभारी, चांदनी बाग थाना पुलिस।