मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
पानीपत। राजकीय प्राथमिक पाठशाला, वार्ड दस, रानी महल में पांचवीं कक्षा के बच्चों का प्रतिभा सम्मान समारोह व वार्षिकोत्सव का आयोजन किया गया। समारोह में गांव कुटानी की सरपंच मोनिका देवी, डॉ. नरेंद्र मान, मास्टर ट्रेनर पानीपत देवेंद्र रोहिल्ला, पानीपत जिला के आरपी जोगिंद्र मलिक, सरपंच प्रतिनिधि गांव राजाखेड़ी बिट्टुू प्रजापति समाजसेवी उर्मिला देवी ने कार्यक्रम में शिरकत की। वहीं बेटियों ने अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। समारोह में बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राज्य स्तर पर भाग लेने वाले बच्चों को आए हुए अतिथियों ने प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में पांचवीं कक्षा के सभी 50 बच्चों ने विद्यालय की तरफ से ग्रुप फोटो देकर विदाई को यादगार बनाया। मुख्यातिथि मोनिका देवी ने कहा कि सरकारी विद्यालय आज किसी भी स्तर पर कम नहीं है, चाहे वे शैक्षणिक गतिविधियां, सांस्कृतिक गतिविधियां या अन्य क्षेत्र सभी में सरकारी विद्यालय के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है और इस विद्यालय के बच्चे इस बात का उदाहरण हैं। अध्यापक बोधराज ने कहा कि विदाई का समय बहुत ही भावुक होता है, क्योंकि विद्यालय के बच्चों के लिए अपने अध्यापकों से दूर जाकर उनके द्वारा दी गई सीखा को आगे जाकर अपने जीवन में उतारना होता है। कार्यक्रम में देवेंद्र रोहिल्ला ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।